जम्मू-कश्मीर में अगले तीन दिनों में छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना
जम्मू, 25 मार्च (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर में अगले तीन दिनों में छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार अगले 24 घंटों में मुख्य रूप से उत्तर और मध्य कश्मीर में छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है। अगले दो दिनों के लिए पूर्वानुमान में छिटपुट स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने कहा कि 26 मार्च की दोपहर से 27 मार्च की देर दोपहर के बीच जम्मू-कश्मीर में मुख्य रूप से उत्तर और मध्य कश्मीर में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इसके बाद मौसम में धीरे-धीरे सुधार होने की उम्मीद है। 28 से 31 मार्च तक मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। अप्रैल के पहले तीन दिनों तक शुष्क मौसम जारी रहने की संभावना है। इस बीच जम्मू-कश्मीर में सामान्य से अधिक तापमान जारी है और पूरे क्षेत्र में दिन और रात का तापमान बढ़ रहा है।
मौसम विभाग ने कहा कि कई हिस्सों में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 2-8 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इसी तरह कश्मीर में न्यूनतम रात्रि तापमान भी सामान्य से 3-5 डिग्री सेल्सियस अधिक और जम्मू में सामान्य से 0-4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। बारामुला जिले के गुलमर्ग के स्की रिसॉर्ट में रात्रि तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस अधिक है जबकि दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के काजीगुंड में 7.2 डिग्री सेल्सियस जो सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है। लोकप्रिय पर्यटन स्थल पहलगाम में 5.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया जो सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। कुपवाड़ा में 6.5 डिग्री सेल्सियस जो सामान्य से 2.9 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता