चाैबट्टाखाल विधानसभा विकास की ओर अग्रसर : महाराज

पौड़ी गढ़वाल, 28 मार्च (हि.स.)। सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने उपलक्ष्य में विधानसभा चौबट्टाखाल क्षेत्र के पोखड़ा में सेवा, सुशासन और विकास के 3 वर्ष पूर्ण होने पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए स्टॉल के माध्यम से लोगों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया। वहीं, विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक व उपकरण दिए गए। साथ ही उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने वहां मौजूद सभी लोगों को आगामी चुनाव में मतदान करने व वनाग्नि की रोकथाम की शपथ भी दिलाई।
शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने राज्य सरकार द्वारा पर्यटन क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्रयासों से उत्तराखंड आज देश-विदेश के पर्यटकों का प्रमुख गंतव्य बन चुका है। कहा कि राज्य सरकार ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, जिसके परिणामस्वरूप राज्य में पर्यटकों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। साथ ही, उन्होंने सरकार की उपलब्धियों को भी साझा किया और कहा कि आने वाले समय में उत्तराखंड पर्यटन के क्षेत्र में और भी सफलता हासिल करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सतपुली में 56 करोड 40 लाख रूपये की लागत से झील का निर्माण कार्य गतिमान है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र चौबट्टाखाल के अन्तर्गत विगत 3 वर्षों में कई योजनाएं स्वीकृत की गई है कुछ योजनाएं पूर्ण हो गई व कुछ पर कार्य गतिमान है। जिसमें लोक निर्माण विभाग के अन्तर्गत प्रथम चरण में 21 मोटर मार्ग स्वीकृत किये गये जिनकी लम्बाई 53 किलोमीटर तथा एक करोड़ छः लाख रूपये की धनराशि स्वीकृत की गई। वहीं द्वितीय चरण में 13 मोटर मार्ग जिनकी लम्बाई 27 किलोमीटर के लिए साढे सात करोड़ रूपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। कहा कि भूमियाडान्डा, ज्वाल्पा देवी नौगाव बरसुण्डदेवता, बेदीखाल, रसियामहादेव व सतपुली कुल सात पंपिग पेयजल योजनाओं के लिए एक अरब बावन लाख रूपये की स्वीकृति प्रदान की गई है, सभी योजनाओं पर 60 फीसदी से अधिक कार्य पूर्ण हो गया है।
कार्यक्रम में मंत्री ने 5 लाभार्थियों को अटल आवास स्वीकृति पत्र, 4 महालक्ष्मी किट, 25 लाभार्थियों को पीएम किसान से लाभांवित, 10 को कृषि यंत्र, सहकारिता विभाग द्वारा दीन दयाल उपाध्याय योजना के तहत 4 लाभार्थियों को 6 लाख का चेक वितरित किया गया। वहीं, समाज कल्याण विभाग से 4 दिव्यांग उपकरण व 10 दिव्यांग प्रमाण पर वितरित किए गए। बहुद्देशीय शिविर में मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, प्रशासक जिला पंचायत अध्यक्ष शांति देवी आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह