संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, परिजनों पर दहेज हत्या का आरोप

मीरजापुर, 21 मार्च (हि.स.)। चील्ह थाना क्षेत्र के मझली पट्टी गांव में शुक्रवार को 22 वर्षीय विवाहिता पल्लवी यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
जनपद के सुरियावां थाना क्षेत्र के महजुदा गांव निवासी शिव शंकर यादव की पुत्री पल्लवी यादव का विवाह जून 2023 में चील्ह थाना क्षेत्र के मझली पट्टी गांव निवासी आनंद यादव के साथ हुआ था। उनके एक सात माह की पुत्री भी है। शुक्रवार सुबह आठ बजे मायके वालों को सूचना दी गई कि पल्लवी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। जब वे मझली पट्टी गांव पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि शव को अस्पताल ले जाया गया है, लेकिन बाद में यह जानकारी मिली कि शव का दाह संस्कार कर दिया गया है।
मृतका के भाई मेजर यादव ने इस घटना की सूचना डायल 112 पर दी। मौके पर पहुंचे चेतगंज चौकी प्रभारी राजीव कुमार श्रीवास्तव और थाना प्रभारी संजय सिंह को घर पर कोई परिजन नहीं मिला। मायके पक्ष का आरोप है कि दहेज में दो लाख रुपये की मांग को लेकर पल्लवी की हत्या की गई और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को जल्दबाजी में जला दिया गया। मृतका के पति आनंद यादव, सास पूनम यादव और ननद अर्चना यादव पर हत्या का आरोप लगाया गया है।
शाम छह बजे क्षेत्राधिकारी सदर अमर बहादुर भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। चील्ह थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि मृतका के पिता शिव शंकर यादव थाने आ रहे हैं, उनकी तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा