पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली ने बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए


वाराणसी,21 मार्च (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी विनोद कांबली ने शुक्रवार को काशीपुराधिपति बाबा विश्वनाथ दरबार पहुंचे और मत्था टेका। उन्हाेंने विधिवत दर्शन पूजन किए। दरबार में परिवार की सुख शांति की कामना करते हुए कांबली ने हर हर महादेव का उद्घोष कर खुशी जताई।
Also Read - कोरबा : ग्राम पंचायत सचिवों की हड़ताल जारी
मंदिर में दर्शन पूजन के बाद विनोद कांबली ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि 'काशी की ऊर्जा और बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद अविस्मरणीय है। यहां आकर मन को अद्भुत शांति मिलती है। पूर्व क्रिकेटर ने वाराणसी की आध्यात्मिक संस्कृति की सराहना की। इस दाैरान मंदिर के गेट नंबर चार पर कांबली के देखने के
लिए प्रशंसकों का हुजूम उमड़ पड़ा। प्रशंसकों को देख कांबली ने हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार किया।
बताते चले कि बाएं हाथ के पूर्व खिलाड़ी विनोद कांबली ने 1990 के दशक में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से काफी नाम कमाया था। कांबली दिग्गज खिलाड़ी
सचिन तेंदुलकर के बचपन के दोस्त हैं, दोनों ने एक साथ खेल जीवन की शुरूआत की थी। बाद में शराब की लत और कॅरियर के प्रति लापरवाही से कांबली गुमनाम जीवन जीने लगे। नशे और स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे कांबली का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ तो उनके प्रशंसक और पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी भी दंग रह गए थे। फुटेज में कांबली स्थिर रूप से चलने के लिए संघर्ष करते हुए दिखाई दिए, उन्हें सड़क से सुरक्षित रूप से हटाने के लिए दूसरों की सहायता की आवश्यकता पड़ रही थी। इस वीडियो काे देख कई पूर्व क्रिकेटर उनकी मदद काे आगे आए। कांबली पिछले कुछ समय से अपनी बिगड़ती सेहत के कारण सुर्खियों में रहे। स्वास्थ्य ठीक होने पर कांबली ने बाबा विश्वनाथ के दरबार में आज हाजिरी लगाने वाराणसी पहुंचे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी