कुरुक्षेत्र में सीएम आवास पर प्रदर्शन करने जा रहे एनएचएम कर्मियाें काे पुलिस ने फरीदाबाद में ही राेका

WhatsApp Channel Join Now
कुरुक्षेत्र में सीएम आवास पर प्रदर्शन करने जा रहे एनएचएम कर्मियाें काे पुलिस ने फरीदाबाद में ही राेका


फरीदाबाद, 23 मार्च (हि.स.)। रविवार काे फरीदाबाद से एनएचएम कर्मचारियों को कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री आवास पर प्रदर्शन करने जाने से रोक दिया गया। पुलिस ने कर्मचारियों की पांच बसों को फरीदाबाद में ही रोक लिया। कर्मचारी जब हरियाणा रोडवेज की बसों से जाने का प्रयास कर रहे थे, तब उन्हें बदरपुर बॉर्डर पर एक घंटे तक रोका गया। रोडवेज और पुलिस अधिकारियों से बातचीत के बाद बसों को खाली करा दिया गया। सभी यात्रियों के पास वैध टिकट थे। पुलिस ने भारतीय मजदूर संघ हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार और एनएचएम कर्मचारी संघ के विभाग प्रमुख धर्मेंद्र सिंह को हिरासत में लेकर सराय ख्वाजा थाने में बैठा दिया।

एनएचएम कर्मचारी यूनियन के प्रधान धर्मेंद्र ने बताया कि वे अपनी मांगों का पत्र मुख्यमंत्री नायब सैनी को सौंपने जा रहे थे। उन्होंने कर्मचारियों के लिए फरीदाबाद के विभिन्न क्षेत्रों में पांच बसें खड़ी की थीं। कुछ कर्मचारी जो निजी वाहनों में थे, वे कुरुक्षेत्र पहुंचने में सफल रहे। धर्मेंद्र ने पुलिस पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने उन्हें बिना किसी कारण के आगे जाने से रोका। वहीं इस मामले में अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस द्वारा सरकारी बस को गैरकानूनी तरीके से 1 घंटे तक बदरपुर बॉर्डर पर रोक कर न केवल एनएचएम कर्मचारियों को उतारा गया बल्कि उसमें बैठी अन्य सवारियों को भी 1 घंटे तक परेशान किया गया। वहीं जिन एनएचएम कर्मचारियों को उतारा गया उन्होंने बाकायदा टिकट ली हुई थी और उनके टिकट के रुपए भी वापस नहीं किए गए। इसको लेकर उन्होंने हरियाणा के परिवहन मंत्री के पीए से बात कर इस मामले में संज्ञान लेने और परिवहन मंत्री तक अपनी बात पहुंचाने की सिफारिश की।

बल्लभगढ़ बस डिपो के जीएम लेखराज को भी फोन कर उन्होंने इस घटना से अवगत कराया और पुलिस के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी मांग और बात रखने का अधिकार है। वह कानूनी तरीके से मुख्यमंत्री आवास पर जा रहे थे लेकिन उन्हें पुलिस ने गैरकानूनी तरीके से रोक लिया। जिसको लेकर वह कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाएंगे और पुलिस पर उचित करने कार्रवाई की मांग करेंगे। उन्होंने आगे कहा बताया कि पुलिस एनएचएम कर्मचारियों के मनोबल को हिरासत में लेकर तोडऩा चाहती थी लेकिन कर्मचारी अपनी पर्सनल 42 गाडिय़ों में कुरुक्षेत्र के लिए रवाना हुए हैं। वहीं कुछ कर्मचारी ट्रेन और मेट्रो के माध्यम से कुरुक्षेत्र पहुंचेंगे। फरीदाबाद से 300 एनएचएम कर्मचारियों कुरुक्षेत्र पहुंचकर मुख्यमंत्री आवास पर प्रदर्शन कर अपनी मांग रखेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story

News Hub