फरीदाबाद : एमबीबीएस में करा दिया फर्जी दाखिला, हड़पे 15 लाख

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : एमबीबीएस में करा दिया फर्जी दाखिला, हड़पे 15 लाख


फरीदाबाद, 23 मार्च (हि.स.)। फरीदाबाद में मेडिकल कालेज में एमबीबीएस की सीट दिलाने के नाम पर 15 लाख रुपए की हड़पने का मामला सामने आया है। मामले में नगर निगम के एक कर्मचारी की पत्नी का भी नाम आया है। एक लडक़ी के जरिए इनसे मुलाकात हुई थी। रविवार काे सेक्टर 58 थाना पुलिस शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर रही है।

फरीदाबाद के सेक्टर 58 थाना में दी गई शिकायत में फरीदाबाद के रहने वाले जितेन्द्र शर्मा ने बताया कि साल 2024 में नीट का पेपर हुआ था। उसकी बेटी ने विभा शर्मा ने भी पेपर दिया था। इसी दौरान उसकी बेटी के जानकार शुभम तिवारी नामक युवक ने बताया कि विभा का दाखिला ईएसआई मेडिकल कालेज एनआईटी 3 में वह करवा सकता है। इसके बाद शुभम ने उनको प्रियंका नामक लडक़ी से मिलाया। प्रियंका ने उनको नगर निगम में कार्यरत मनोज शर्मा की पत्नी मोनिका से मिलवाया। इस दौरान उनकी मुलाकात अपने आपको वकील बताने वाले कृष्णा नामक व्यक्ति से भी कराई गई। सभी ने मिलकर उनको अपने जाल में फंसाया और उनसे एमबीबीएस में एडमिशन कराने के नाम पर 15 लाख रूपए ले लिए।

शिकायतकर्ता जितेन्द्र शर्मा ने बताया कि उनके द्वारा सारा पैसा मोनिका को दिया गया था। ठगो ने उनको श्वस्ढ्ढ मेडिकल कालेज का एक फर्जी आईकार्ड बनाकर दिया। जिसके बाद कालेज के डीन का फर्जी लैटर भी बनाकर उनको दिया गया। इसी तरह से ठगों ने तमाम दूसरे सभी कागजात तैयार कर उनको दिए। जितेन्द्र शर्मा ने बताया कि सभी कागजात पूरी तरह से जांच में नकली निकले है। जितेन्द्र शर्मा ने बताया कि कालेज की क्लास शुरू होने के बाद जब उन्होंने इन लोगों से कहा कि बेटी की क्लास कब से शुरू हो जाएगी। तो ये ठग बार-बार उनको कुछ ना कुछ बहाना बनाते हुए टालते रहे। इसी तरह से इन्होंने पूरा 2024 निकाल दिया। जिसके बाद हमें पता चला कि हमारे साथ ठगी हुई है। पीडित के द्वारा फरीदाबाद के सेक्टर 58 थाना में पुलिस को शिकायत दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की शिकायत उनको मिली है। साल 2024 का ये पूरा मामला है पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story

News Hub