भाजपा सरकार गांव गरीब किसान और नौजवान के प्रति समर्पित : योगेंद्र उपाध्याय

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा सरकार गांव गरीब किसान और नौजवान के प्रति समर्पित : योगेंद्र उपाध्याय


फिरोजाबाद, 26 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बुधवार को कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गांव, गरीब, किसान, बेरोजगार, नौजवान, नारी का सम्मान, शिक्षा का उत्थान के प्रति समर्पित है। इस दौरान उद्योगों को नई उड़ान मिली है, जिससे प्रदेश में रोजगार पैदा हुआ है।

योगेंद्र उपाध्याय बुधवार को प्रदेश सरकार के सेवा, सुरक्षा व सुशासन के 8 वर्ष व केंद्र सरकार के 10 वर्ष पूर्ण होने पर जनपद फिरोजाबाद में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे थे। यहां उन्होंने 8 वर्ष सुशासन विषय पर केंद्रित पुस्तिका का विमोचन किया। इसके बाद उन्हाेंने विभिन्न विभागों के लगे स्टालों का अवलोकन किया।

इस दौरान उन्होंने कहा कि अब हमारा प्रदेश बीमारू राज्य से उभर कर विकसित राज्य की ओर अग्रसर हो चला है। माफिया प्रदेश छोड़कर पलायन कर गए हैं। कानून व्यवस्था चाक चौबंद होने से अब विकास के नए द्वार खुल रहे हैं। महिलाएं अब स्वस्थ और सुरक्षित अपने को महसूस कर रही हैं। हमारी सरकार ने कोरोना काल में जिस तरह डिजास्टर मैनेजमेंट किया है, वह अपने आप में सरकार की आमजन के प्रति चिंता और लोक कल्याण की भावना को दर्शाता है। सरकार द्वारा संचालित आयुष्मान योजना गरीबों का सहारा बनी हुई है। युवा उद्यमी के तहत 5 लाख तक ऋण लेने पर किसी प्रकार का ब्याज नहीं लिया जा रहा है, जिससे युवा अपना उद्यम खोलने के लिए प्रोत्साहित हो रहे हैं।

उन्हाेंने प्रधानमंत्री किसान सम्मन निधि के तहत सीधे किसानों के खातों में धनराशि पहुंचाई जा रही है। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को भी लाभान्वित किया। इस दौरान विधायक मनीष असीजा, महापौर कामिनी राठौर, भाजपा जिला अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष सतीश दिवाकर, जिलाधिकारी रमेश रंजन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विशु राजा आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

Share this story

News Hub