पाबौ में नदी में नहाने गया युवक डूबा

पौड़ी गढ़वाल, 23 मार्च (हि.स.)।पाबौ चौकी क्षेत्र में मोटरमैकेनिक का काम करने वाला युवक नहाते समय नयार नदी में डूब गया। पुलिस ने सर्च अभियान चलाते हुए शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पाबौ चौकी प्रभारी नवीन पुरोहित ने बताया कि रविवार की शाम को पाबौ में रहने वाला सहानपुर, बिजनौर, उत्तर प्रदेश निवासी 21 साल का हरविंदर पुत्र महेंद्र अपने दोस्तों के साथ नयार नदी में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह डूबने लगा। बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया। पुलिस ने शव को कुछ दूरी पर बरामद कर पीएम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। युवक पाबौ में एक दुकान में मोटरमैकेनिक का काम करता है। वह यहां अकेले ही रहता है। बताया कि घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह