महिला कांग्रेस ने महिला उत्पीड़न रोकने सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन, जमकर नारेबाजी की

भोपाल, 22 मार्च (हि.स.)। सतना जिले में ढाई साल की मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी, सहित प्रदेश भर में महिलाओं, युवतियों, नाबालिगों के साथ लगातार बढ़ रही बलात्कार की घटनाओं पर कड़ी आपत्ति जताते हुये मप्र महिला कांग्रेस की अध्यक्ष विभा पटेल के नेतृत्व में शनिवार काे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के समीप महिला कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विभा पटेल ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं, युवतियों और अबोध-मासूम बच्चियों के साथ शोषण, दुष्कर्म की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। प्रदेश में रोज बलात्कार की लगभग 20 अमानवीय घटनाएं सामने आ रही है, जो इंसानियत को शर्मसार कर रही हैं। प्रदेश की लचर कानून व्यवस्था के चलते आपराधिक सोच के व्यक्तियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे बेखौफ और निडर होकर घटनाओं को अंजाम देने से नहीं चूक रहे है। विभा पटेल ने कहा कि सतना में घटित हुई घटना से साबित होता है कि प्रशासन बहन-बेटियों को सुरक्षा देने में पूरी तरह नाकाम है। प्रदेश में महिलाएं और बच्चियां सुरक्षित नहीं हैं। इन घटनाओं से महिलाओं, बच्चियों में भय और आमजन में आक्रोश व्याप्त है।
विभा पटेल ने कहा कि प्रदेश के मुखिया मोहन यादव जो स्वयं गृहमंत्री का दायित्व संभाल रहे हैं, उनसे न तो मुखिया की कुर्सी संभल रही है और न ही गृहमंत्री का दायित्व ठीक से संभाल पा रहे हैं। विभा पटेल सहित महिला नेत्रियाें ने प्रदेश में बढ़ते महिला उत्पीड़न मामलो पर रोक लगाये जाने की मांग को लेकर किये गये प्रदर्शन के दौरान राज्यपाल महोदय के नाम संबोधित ज्ञापन स्थानीय थाना प्रभारी को सौंपते हुये प्रदेश में हर दिन नाबालिग बच्चियों, महिलाओं के साथ घटित हो रही घटनाओं, बढ़ती बलात्कार और दुष्कर्म की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे