संगठन को बूथ इकाई तक फुलप्रूफ व सक्रिय बनाए : मीना चौबे

WhatsApp Channel Join Now
संगठन को बूथ इकाई तक फुलप्रूफ व सक्रिय बनाए : मीना चौबे


संगठन को बूथ इकाई तक फुलप्रूफ व सक्रिय बनाए : मीना चौबे


सुल्तानपुर, 22 मार्च (हि.स.)। भाजपा 365 दिन 24 घंटे काम करने वाला दल है। हर एक कार्यकर्ता को जिम्मेदारी देनी होगी। आने वाले पंचायत व 2027 विधानसभा चुनाव में जीत का परचम फहराना के लिए अभी से तैयारी करनी हाेगी। ये बातें शनिवार काे जिला प्रभारी व प्रदेश मंत्री मीना चौबे ने नवनिर्वाचित भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी की अध्यक्षता आयाेजित स्नेह मिलन कार्यक्रम में कही।

जिला कार्यालय के बगल आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मीना चाैबे ने कहा कि संगठन को बूथ इकाई तक फुलप्रूफ व सक्रिय करना होगा। उन्होंने कार्यक्रम संयाेजक एवं नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी को बधाई व शुभकामनाएं दी।

नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ होते हैं। कार्यकर्ता के सम्मान व स्वाभिमान पर कभी आंच नहीं आने दूंगा। बूथ इकाई के ढांचे को पन्ना प्रमुख तक मजबूत करना होगा। आने वाले समय में पंचायत से लेकर विधानसभा 2027 के चुनाव में जीत के लिए कार्यकर्ताओं को अभी से कमर कसनी होगी। आगामी दिनों में हम मंडल से लेकर बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं से सीधे रुबरु होंगे। कार्यकर्ताओं को मेरा बूथ सबसे मजबूत के मंत्र को सिद्ध करना होगा।

नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने भी मुख्य अतिथि व जिलाध्यक्ष का स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्र व माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ एमपी सिंह, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संतबख्श सिंह चुन्नू, प्रदेश सह संयोजक सहकारिता रामचन्द्र मिश्रा, एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह, लंभुआ विधायक सीताराम वर्मा व शहर विधायक विनोद सिंह, पूर्व मंत्री ओम प्रकाश पाण्डेय, डॉ सीताशरण त्रिपाठी, जगजीत सिंह छंगू, नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल, लालमणि सिंह, ऋषिकेश ओझा, ओम प्रकाश पाण्डेय बजरंगी, कादीपुर नगर पंचायत अध्यक्ष आनन्द जायसवाल, डॉ डीएस मिश्रा आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्ता

Share this story

News Hub