होली-रंगपंचमी जैसे पर्व देते हैं बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश : सिंधिया


- होली मिलन समारोह में केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कार्यकर्ताओं संग खेली फूलों की होली
ग्वालियर, 24 मार्च (हि.स.)। केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि होली दिल से दिल मिलने का त्यौहार है। होली पर रंगों में सभी के चेहरे और धर्म छुप जाते हैं। होली और रंग पंचमी ऐसे पर्व है जो हमें बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देते हैं।
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया सोमवार शाम को ग्वालियर-15 विधानसभा क्षेत्र में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर द्वारा कोटेश्वर पैलेस में आयोजित होली मिलन समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री सिंधिया और ऊर्जा मंत्री तोमर ने कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं संग गुलाब के फूलों की वर्षा कर होली खेली। इस मौके पर संत कृपाल सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजोरिया, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य वेदप्रकाश शर्मा, अशोक शर्मा, ओम प्रकाश शेखावत, अरविन्द राय, राजकुमार परमार, राजेश सोलंकी, पूर्व जिलाध्यक्ष अभय चौधरी, कमल माखीजानी, पूर्व मंत्री इमरती देवी, पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल, मुन्ना लाल गोयल, नगर निगम सभापति मनोज तोमर, भाजपा मंडल अध्यक्ष, पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता विशेष रूप से मौजूद रहे।
केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने होलिका दहन की परंपरा का जिक्र करते हुए कहा तमाम कोशिशों के बाद भी हिरण्यकश्यप भक्त प्रहलाद को मारने में कामयाब नहीं हो सका। क्योंकि जो सत्य के रास्ते पर चलते हैं, ईश्वर उनके साथ रहता है। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति और परंपरा भी हमें यही सिखाती है कि सत्य के रास्ते पर चलो। होली ऐसा त्यौहार है, जो कई विविधताएं लिए हुए है। ब्रज में अपने ढंग से होली मनाई जाती है, तो कोलकाता में अपने ढंग से, लेकिन सभी इस पर्व पर दिल से दिल को मिलाते हैं।
उन्होंने कहा कि होली हो या दिवाली देश की सीमाओं को पार कर गए हैं। श्रीलंका बांग्लादेश यूरोप और अमेरिका में भी होली और दिवाली मनाई जाती है। यह भारत की शक्ति का संकेत है, जो विश्व पटल पर उजागर हो रहा है। इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि केन्द्र और मध्य प्रदेश में हमारी सरकार है और यह हमारे कार्यकर्ताओं की मेहनत का नतीजा है।
इससे पहले होली मिलन समारोह को संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि होली सिर्फ रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम, सद्भावना और सांस्कृतिक विरासत को संजोने का पर्व भी है। होली को वसंत महोत्सव, रंगों का त्योहार और प्रेम व भाईचारे का प्रतीक है। यह त्योहार धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। ऊर्जा मंत्री ने पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम के आयोजन की जानकारी दी। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित पार्टी कार्यकर्ताओं को मंच से दंडवत प्रणाम किया। साथ ही केन्द्रीय मंत्री श्रीमंत ज्योतिरादित्य सिंधिया से निवेदन किया कि वह भी फूलों होली खेलें।
ऊर्जा मंत्री ने किया रासलीला कलाकारों का सम्मान
इस अवसर पर वृन्दावन से आए रासलीला कलाकारों ने रासलीला का मंचन किया तथा ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने रासलीला कलाकारों को सम्मानित किया।
ऊर्जा मंत्री ने सफाई कर दिया स्वच्छता का संदेश
होली मिलन समारोह के समापन के उपरांत आयोजन स्थल कोटेश्वर पैलेस में फैले कचरे को ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने स्वयं सफ़ाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर