पाश्चात्य सभ्यता की नकल छोड़ भारतीय संस्कृति के अनुरूप हो विकास : चंद्र प्रकाश


स्वयंसेवकों ने घोष की थाप पर निकाला पथसंचलन
झांसी, 06 अप्रैल (हि.स.)। रविवार को श्रीरामनवमी के अवसर पर छत्रसाल नगर के स्वयंसेवकों ने घोष की थाप पर अनुशासित होकर पथ संचलन निकाला।
इससे पूर्व आशीर्वाद गार्डन में स्वयंसेवकों का एकत्रीकरण हुआ। मंच पर मुख्य वक्ता के रूप में महानगर सह बौद्धिक प्रमुख चंद्र प्रकाश व नगर संघचालक आशुतोष रहे। मुख्य वक्ता ने स्वयंसेवकों का प्रबोधन किया। उन्होंने भारतीय नवसंवत्सर को वैज्ञानिक बताते हुए विकास को भारतीय संस्कृति के अनुरूप होने की आवश्यकता भी बताई।
मुख्य वक्ता ने कहा कि भारतीय नवसंवत्सर पूर्णतः वैज्ञानिक है। चैत्र प्रतिपदा से प्रकृति अपना स्वरूप बदलती है। बसंत ऋतु में नई कोपलें पेड़ों को मिलती हैं। आज ही के दिन सृष्टि का सृजन हुआ। हम लैमार्क या डार्विन का सिद्धांत नहीं मानते। सृष्टि की उत्पत्ति को 1 अरब 96 करोड़ से अधिक वर्ष बीत चुके हैं। उन्होंने सारे युगों की गणना करते हुए बताया कि प्रत्येक युग की अपनी काल गणना है। कालखंड की गणना में महायुग होता है। आंग्ल भाषा में बिलियन व ट्रिलियन से ज्यादा कुछ नहीं होता। आज हम पाश्चात्य सभ्यता की नकल करने में जुटे हैं। जबकि उनके पास ऐसा कुछ नहीं है। हम आधुनिकीकरण की ओर भाग रहे हैं। जबकि विकास हमारी संस्कृति के अनुरूप होना चाहिए।
उन्होंने बताया कि भगवान झूलेलाल का जन्मदिन, श्रीराम का राज्याभिषेक भी वर्ष प्रतिपदा के दिन ही हुआ था। आज प्रभु श्रीराम के चरित्र से सभी को सीखने की आवश्यकता है। उन्होंने किसी से कोई भेदभाव नहीं किया। उनके जीवन के कठिन समय में भी उन्होंने धैर्य को न छोड़ते हुए शक्तिशाली रावण का वध किया। उन्होंने इससे पूर्व सभी को अपने साथ बिना किसी भेदभाव के जोड़ने का कार्य किया। चैत्र प्रतिपदा आद्य सरसंघचालक डॉ केशव बलिराम हेडगेवार जी के जन्मदिवस के कारण यह और खास हो जाता है। उन्होंने सरसंघचालक स्कूल के संस्मरण को भी सुनाया।
तत्पश्चात स्वयंसेवकों का पथ संचलन शुरू होकर इलाइट चौराहा, झोकन बाग के रास्ते संघ कार्यालय होते हुए, गोविंद चौराहा और फिर जेल चौराहा होते हुए वापस आशीर्वाद गार्डन पहुंचा। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर समाज के लोगों ने स्वयंसेवकों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। पुलिस व यातायात विभाग ने सुरक्षा व यातायात के पुख्ता इंतजाम किए।
इस अवसर पर नगर सह संघचालक तीर्थेश शर्मा,नगर कार्यवाह विनय प्रताप सिंह, महानगर प्रचार प्रमुख जितेन्द्र मिश्रा, बाबूलाल तिवारी, आशीष अग्निहोत्री, जयकिशन, घोष वादन आदित्य मिश्रा, सह नगर कार्यवाह सुमित श्रीवास, सुनील जांगड़े, वशिष्ठ उपाध्याय, जयंत, अभय, वयम, कल्प, शुभम, ऋषभ राय, यश, हर्ष, परनतप शर्मा, सुनील नैनवानी, नीरज सिंह आदि तमाम स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया