भाजपा कार्यकर्ताओं को संगठन में समन्वय बनाने और संगठन विस्तार के बारे में दी गई जानकारी : बड़ौली

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा कार्यकर्ताओं को संगठन में समन्वय बनाने और संगठन विस्तार के बारे में दी गई जानकारी : बड़ौली


भाजपा कार्यकर्ताओं को संगठन में समन्वय बनाने और संगठन विस्तार के बारे में दी गई जानकारी : बड़ौली


चंडीगढ़, 03 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में 27 जिलों के जिला अध्यक्षों और 377 मंडल अध्यक्षों समेत 476 कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया गया। उन्होंने कहा कि इन दो दिनों में 10 सत्र हुए जिनमें अलग-अलग वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया और भाजपा की रीति नीति तथा कार्यपद्धति से अवगत कराया।

गुरुवार को समालखा के पट्टीकल्याण स्थित सेवा साधना केंद्र में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बड़ौली ने कहा कि कार्यशाला के पहले दिन मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा सरकार की उपलब्धियां और योजनाएं कार्यकर्ताओं को बताईं। उन्होंने कहा कि मैने भी कार्यशाला में कार्यकर्ताओं को केंद्र की मोदी सरकार की योजनाओं से अवगत कराया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। भाजपा के निष्ठावान व कर्तव्यनिष्ठ कार्यकर्ताओं की बदौलत भाजपा का संगठन दुनिया का सबसे बड़ा संगठन है। कार्यशाला में कार्यकर्ताओं को संगठन में समन्वय बनाने और संगठन विस्तार के बारे में भी जानकारी दी गई। बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीति और नेतृत्व तथा कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम से केंद्र और राज्य में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी है।

बड़ौली ने कहा कि भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास के मूलमंत्र पर चलते हुए बिना भेदभाव किए विकास के कार्य कर रही है। भाजपा सरकार हर वर्ग को साथ लेकर चलने वाली और जन-जन के हित में काम करने वाली सरकार है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री मोदी हरियाणा आ रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी के आगमन और स्वागत को लेकर भाजपा के हर कार्यकर्ता में उत्साह है। प्रेसवार्ता के दौरान जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी, जिला मीडिया प्रभारी ओम दत्त आर्य, जिला कार्यकारिणी सदस्य ईशराणा मौजूद रहे।

इधर, भाजपा के प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन गुरुवार को भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष ने संगठनात्मक विषयों एवं कार्यपद्धति पर अपने विचार रखे। उन्होंने जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों और मंडल अध्यक्षों को सशक्त मंडल, सशक्त बूथ का मंत्र दिया। पार्टी ने राष्ट्र के निर्माण में किस तरह से अपना योगदान दिया, पार्टी कार्यकर्ता किस प्रकार से अपने कार्यों में धार पैदा करेंगे, प्रशिक्षण शिविर में इसके बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। सेवा साधना केंद्र में प्रशिक्षण शिविर में संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने बूथ सरंचना कार्यविधि पर चर्चा की। केंद्रीय आईटी एवं सोशल मीडिया प्रमुख अमित मालवीय ने मीडिया एवं सोशल मीडिया के बारे में बताया। प्रशिक्षिण शिविर के दूसरे दिन पूर्व सांसद सुनीता दांगी, रश्मि अग्रवाल, रेणु डाबला, अजय बंसल, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी, डा. पवन सैनी, अजय बंसल, वीरेंद्र गर्ग ने कार्यक्रमों की अध्यक्षता की। दो दिवसीय इस कार्यशाला का भाजपा प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख शैलेन्द्र पाण्डेय ने संचालन किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story

News Hub