थाना परिसर में हिन्दू संगठन का धरना प्रदर्शन, डीजे लदी गाड़ी को पुलिस ने किया था सीज

कानपुर, 07 अप्रैल (हि.स.)। फजलगंज थाना परिसर में सोमवार को दर्जनों हिन्दू संगठन के कार्यकर्ताओं ने जमकर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने ढोल मजीरे बजाते हुए प्रशासन के खिलाफ अवैध वसूली के आरोप लगाते हुए नारेबाजी की।
बता दें कि, शनिवार को माता के जवारे में डीजे स्पीकर वाले लोडर को जब्त कर थाने ले आयी थी।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि देवी मां के मंदिर में जवारे का कार्यक्रम सम्पन्न करने के बाद डीजे से लदी लोडर वापस लौट रही थी। तभी फजलगंज डिपो के पास पुलिस कर्मियों ने लोडर रोक लिया। साथ ही लोडर चालक मोहित के साथ बदसलूकी करते हुए लोडर को जब्त कर उसे भगा दिया। जिसने इस घटना की जानकारी संगठन के पदाधिकारियों को दी। मामले में पुलिस से बात किये जाने पर लोडर को छोड़ने का आश्वासन दिया गया। लेकिन रविवार तक जब लोडर नहीं छोड़ा गया, तो सोमवार को संगठन के तमाम कार्यकर्ता थाने पहुंचकर धरना प्रदर्शन करने लगे।
हंगामा बढ़ता देख एसीपी स्वरूप नगर इंद्रप्रकाश सिंह मौके पर प्रदर्शन कारियों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन किसी ने भी उनकी एक न सुनी। हालांकि उन्होंने कहा कि लोडर रविवार को ही सीज कर दिया गया था। जो अब कोर्ट से ही छूट सकता है।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि यदि पुलिस को लोडर पकड़ना था। तो कार्यक्रम की शुरुआत में ही रोक लेते कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उसे रास्ते में रोका गया और जब हमने लोडर को छोड़ने की बात कही तो हमें आश्वासन देते हुए कहा गया कि कुछ देर बाद छोड़ दिया जाएगा। बावजूद इसके अब उसे सीज कर दिया गया।
Also Read - चेन छीनकर भाग रहा लुटेरा धराया
एसीपी स्वरूप नगर इंद्रप्रकाश सिंह ने बताया कि लोडर रविवार को सीज कर दिया गया था। आला अधिकारियों की ओर से जो भी निर्देश मिलेंगे, उस आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप