बाबा दूल्हमदास प्राचीन मंदिर का होगा पर्यटन विकास

--उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग सुल्तानपुर में 03.86 करोड़ रुपए से विकसित करेगा पर्यटन सुविधाएं
लखनऊ, 07 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से जनपद सुल्तानपुर में विभिन्न परियोजनाओं के माध्यम से विकास कार्य किया जाएगा। विभाग की ओर से जिले के धार्मिक स्थलों को विकसित करने के साथ-साथ पर्यटकों के लिए मूलभूत सुविधाओं को भी सुदृढ़ किया जा रहा है। विभाग द्वारा स्वीकृत करीब 03.87 करोड़ रुपए की धनराशि से अलग-अलग परियोजनाओं के जरिए विकास कार्य किए जाएंगे। यह जानकारी उप्र. के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि सुल्तानपुर जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विभाग द्वारा विभिन्न विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों को विकसित करने के साथ-साथ पर्यटकों के लिए मूलभूत सुविधाओं का विकास हमारी प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि, सुलतानपुर के ग्राम मुरैनी के ब्लॉक दोस्तपुर, तहसील जयसिंहपुर स्थित बाबा दूल्हमदास प्राचीन मंदिर का पर्यटन विकास किया जाएगा। इसके लिए 97.79 लाख रुपए की धनराशि स्वीकृत हुई है। उक्त राशि से मंदिर और उसके आसपास पर्यटन सुविधाओं को बढ़ाया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो। इसी तरह, जिले के ग्राम हयातनगर में शंकरजी के मंदिर का भी पर्यटन विकास होगा। विभाग द्वारा भगवान शिव के इस मंदिर के लिए 41.64 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है।
पर्यटन मंत्री ने बताया, कि ’जनपद सुल्तानपुर में वे साइड ऐमिनीटी के निर्माण कार्य के लिए करीब 01 करोड़ 22 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। यह परियोजना क्षेत्रीय विकास और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्रियान्वित की जा रही है। इसी प्रकार, ग्राम पंचायत सुखबड़ेरी में सुखदेव मुनि आश्रम का पर्यटन विकास भी किया जाएगा, जिसके लिए करीब 75 लाख रुपए की राशि विभाग द्वारा स्वीकृत हुई है। जिला स्थित श्री साई धाम शिवराजपुर बल्दीराय मंदिर का 50.17 लाख रुपए की धनराशि से पर्यटन विकास कार्य होना स्वीकृत हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन