जींद : गन कल्चर गानों के खिलाफ एकजुट हुई खाप पंचायतें

WhatsApp Channel Join Now
जींद : गन कल्चर गानों के खिलाफ एकजुट हुई खाप पंचायतें


जींद, 22 मार्च (हि.स.)। सरकार द्वारा गन कल्चर गानों पर प्रतिबंध लगाने जैसे फैसलों का खाप पंचायतों ने स्वागत किया है। इससे बच्चों की सकारात्मक सोच बढ़ेगी। कंडेला खाप पंचायत के प्रधान ओमप्रकाश कंडेला, माजरा खाप पंचायत जींद के प्रधान गुरविंदर सिंह संधू व जुलाना बाराह के प्रधान बसाऊ राम लाठर ने संयुक्त रूप से कहा कि गन कल्चर गानों पर पाबंदी के साथ-साथ अश्लीलता परोसी जा रही है। गानों के माध्यम से उन गानों पर प्रतिबंध लगाना चाहिए जो घर बैठ कर गानों को कोई परिवार सुन नही सकता है।

शनिवार को माजरा खाप प्रवक्ता समुद्र सिंह फोर ने कहा कि सरकार एक ही कलाकार के गानों पर प्रतिबंध ना लगाते हुए सभी कलाकारों के गंदे व गन कल्चर संबंधित सभी गानों पर प्रतिबंध लगाए। चाहे कोई भी कलाकार हो, गंदा गाने की किसी को अनुमति नही होनी चाहिए। गंदा गाने वाले कलाकारों को लताड़ते हुए खापों ने कहा कि ऐसे गाने बनाए ही क्यों जा रहे हैं, जिन्हें घर बैठ कर एकसाथ देखा नही जा सकता है। कलाकार समाज को सही दिशा दिखाने का काम करते हें। गंदे गाने से हरियाणवी संस्कृति धूमिल हो रही है।

पूनिया खाप प्रवक्ता जितेंद्र छात्तर, सहरावत खाप के प्रवक्ता महेंद्र सिंह ने कहा कि जिन गानों से हरियाणवी संस्कृति धूमिल हो रही है, उन पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए और ऐसे लोगों पर मुकद्मा दर्ज किया जाना चाहिए। खाप पंचायतों को भी निर्णय लेना पड़ेगा कि जो गंदा गाए, उसका बहिष्कार किया जाए और जो समाज को सही दिशा दे, समाज को उसे सम्मानित किया जाएगा। सरकार को इस मामले में एक जांच समिति बनानी चाहिए। जो भी गाना लॉच हो, उस समिति कि सिफारिश पर ही हो। यूटयूब पर उन सभी गानों को डिलीट किया जाए, जो गाने गंदे चल रहे हैं। खाप पंचायतों ने सरकार से मांग की कि डीजे बजाने के लिए पुलिस प्रशासन से अनुमति लेनी चाहिए और 11 हजार रुपये सिक्योरटी रखी जानी चाहिए। यदि नियम भंग किया जाता है या गन फायर होता है सिक्योरिटी जब्त कर के मुकद्मा दर्ज किया जाना चाहिए। अशोभनीय गानों पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story