मैं अभाव में काम कर सकता हूं, प्रभाव में नहीं : भाजपा जिलाध्यक्ष

कानपुर, 24 मार्च (हि.स.)। बीजेपी में एक तीसरी आंख हम सब कार्यकर्ताओं के कार्यों पर नजर रखती है और जो कार्य करता है, उसको पल भर में आम कार्यकर्ता से खास कार्यकर्ता बनने में देर नहीं लगती। किसी जमीनी कार्यकर्ता के सम्मान पर आंच नहीं आ सकती। मैं अभाव में तो काम कर सकता हूं। लेकिन प्रभाव में काम नहीं करूंगा। पार्टी के कार्यों के लिए यदि धन की आवश्यकता पड़ेगी। तो हम सब कार्यकर्ता आपसी सहयोग से धन को एकत्रित कर पार्टी का कार्य करेंगे। लेकिन किसी पूंजीपति से एक रुपया भी लेना हमारे लिए पाप होगा। यह बातें सोमवार को भाजपा उत्तर जिले के नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कही।
बीते 17 मार्च को भाजपा उत्तर जिले की कमान पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता अनिल दीक्षित को सौंपी गई थी। लेकिन जिलाध्यक्ष बनने के दूसरे दिन ही उनके पैर में फ़्रैक्चर हो गया था। जिसके चलते उनके पैर का ऑपरेशन हुआ है। अभी भी वह शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। प्रदेश सरकार के कार्यकाल को आठ साल पूरे हो गए हैं। उस में हाईकमान ने पार्टी से जुड़े कार्यकर्ताओं को पार्टी की उपलब्धियां आम जनमानस तक पहुंचाने के लिए बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गयी है। जिसे लेकर जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने पार्टी कार्यकर्ताओं को हॉस्पिटल में बुलाकर बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आभार प्रकट करते हुए हुए कहा कि इस दु:ख की घड़ी में जब मैं चोटिल हूं। आप सभी का अपार स्नेह और साथ मेरे मनोबल को दुगना कर दिया।
जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि योगी सरकार की आठ वर्ष की उपलब्धियों के उत्सव अभियान का संयोजक अवधेश सोनकर को व सहसंयोजक अनुपम मिश्रा को बनाया गया है। मंगलवार को इस संदर्भ में कानपुर के प्रभारी मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय सभी जनप्रतिनिधियों के साथ प्रेस वार्ता कर प्रारम्भ करेंगे। इस अभियान के लिए जिले के पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियों को बांट दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप