बार-बार होने वाले चुनावों से देश पर आर्थिक और प्रशासनिक बोझ बढ़ता है : प्रकाश पाल

कानपुर, 22 मार्च (हि.स.)। एक राष्ट्र, एक चुनाव लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह देश की संसदीय व विधानसभा चुनाव प्रणाली में सुधार लाने के साथ-साथ विकास की गति को भी तेज करेगा। बार-बार होने वाले चुनावों से देश में आर्थिक और प्रशासनिक बोझ बढ़ता है। यह बातें शनिवार को कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के भाजपा अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कही।
भारतीय जनता पार्टी कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के तत्वावधान में एक राष्ट्र एक चुनाव (वन नेशन वन इलेक्शन) के संदर्भ में प्रबुद्ध वर्ग की मातृशक्ति की एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि बार-बार चुनाव होने से काफी खर्चा होता है। जिससे विकास कार्य भी प्रभावित होते हैं। इसीलिए एक राष्ट्र, एक चुनाव की अवधारणा को अपनाना समय की मांग है। उन्होंने मातृशक्ति से आह्वान किया कि वे समाज में इस विषय पर जागरूकता फैलाने में अपनी अहम भूमिका निभाएं।
इस पर वूमेन फॉर वन नेशन एंड वन इलेक्शन की प्रदेश प्रभारी रंजना उपाध्याय ने अपने विचार रखते हुए कहा कि एक साथ चुनाव होने से देश के संसाधनों की बचत होगी और महिलाओं को राजनीति में अधिक प्रभावी रूप से भाग लेने का अवसर मिलेगा। मातृशक्ति से इस अभियान को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष निवेदिता श्रीवास्तव, भाजपा क्षेत्रीय महामंत्री पूनम द्विवेदी, रीता शास्त्री, जयंती वर्मा, पुष्पा तिवारी, मोना शुक्ला, दक्षिण जिला अध्यक्ष अनीता त्रिपाठी सहित तमाम महिलाएं उपस्थित रहीं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप