भाजपा कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव का फूंका पुतला, विवादित बयान पर जताया विरोध

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव का फूंका पुतला, विवादित बयान पर जताया विरोध


वाराणसी, 02 अप्रैल (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव द्वारा गौशाला और गोबर के संबंध में दिए गए विवादित बयान के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है।

बुधवार को वाराणसी कैंट से भाजपा विधायक सौरभ श्रीवास्तव के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने लंका स्थित बीएचयू के सिंहद्वार पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने गोमाता का अपमान - नहीं सहेगा हिंदुस्तान, अखिलेश यादव मुर्दाबाद जैसे नारे लगाते हुए सपा प्रमुख का पुतला फूंका। पुतले के मुखौटे पर एक ओर अखिलेश यादव का फोटो और दूसरी ओर औरंगजेब का चित्र लगाया गया था, जिससे विवाद और भी बढ़ गया।

विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने कहा, भाजपा संतुष्टीकरण की राजनीति करती है, जहां सभी धर्मों, संप्रदायों और वर्गों के लोगों को समान माना जाता है। वहीं, समाजवादी पार्टी तुष्टिकरण की राजनीति में विश्वास रखती है। सपा नेता लगातार देश के बहुसंख्यक हिंदू समाज की भावनाओं को आहत करने वाले बयान देते हैं ताकि अपने वोट बैंक को बनाए रख सकें।

उन्होंने आगे कहा, अखिलेश यादव के बयानों का पूरे प्रदेश में विरोध हो रहा है। राणा संग्राम सिंह जैसे नायक हम सभी के लिए आदर्श हैं, और उनके विरुद्ध कोई भी बयानबाजी देश स्वीकार नहीं करेगा।

इस प्रदर्शन में अशोक जायसवाल, अभिषेक मिश्रा, अमित राय, डॉ अनुपम गुप्ता, रवि जायसवाल, प्रीति सिंह, अनुराग शर्मा, मुकेश गुप्ता, और सोमनाथ यादव सहित कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story

News Hub