इंदौरः युवती की आंख में लगी गोली, इलाज के लिए अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए दोस्त

इंदौर, 21 मार्च (हि.स.)। शहर के लसूड़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत महालक्ष्मी नगर में एक युवती को आंख में गोली लगने की घटना सामने आई है। शुक्रवार तड़के दोस्त उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराकर फरार हो गए। युवती का नाम भावना सिंह (28) पुत्री संतोष सिंह बताया गया है। वह मूलत: ग्वालियर में मुरार की रहने वाली है। अस्पताल की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। युवती का इलाज चल रहा है। पुलिस ने उस कार को ट्रेस कर लिया है, जिससे उसके दोस्त भागे हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि पार्टी के दौरान गोली चली है, जो युवती की आंख में लग गई।
लसूडिया थाना प्रभारी तारेश सोनी ने बताया कि घायल युवती भावना सिंह को शुक्रवार तड़के करीब 3:45 बजे कुछ युवक उसे अस्पताल लेकर पहुंचे थे। डॉक्टरों ने जब उनसे घटना के बारे में पूछताछ की, तो वे परिवार को बुलाने का कहकर बाहर निकले और फरार हो गए। अस्पताल प्रबंधन ने इसकी सूचना पुलिस को दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि घटना महालक्ष्मी नगर की है, जहां युवती के दोस्त किराए से रहते हैं। बताया जाता है कि वह रात में तीन लड़कों के साथ थी। यहां पर लड़के शराब पार्टी कर रहे थे, इसके बाद गोली चली है।
बताया गया है कि गोली लगने के बाद जब युवक घायल युवती को अस्पताल लेकर पहुंचे, तो वहां वे अपनी की-चेन भूल गए। की-चेन पर आरआर मेंशन बिल्डिंग का पता दर्ज था, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। पुलिस को कुछ सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं, जिनमें रात के समय आरोपी बिल्डिंग से निकलते हुए नजर आ रहे हैं। फिलहाल, पुलिस सभी आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पांच युवकों ने घटना स्थल के पास एक मकान किराए पर लिया था। इनमें से दो युवक निजी कंपनी में काम करते थे। पुलिस ने मौके पर मकान मालिक को बुलाकर पूछताछ की। मकान मालिक ने चारों युवकों के नाम से बना रेंट एग्रीमेंट पुलिस को सौंप दिया, जिसके आधार पर उनकी पहचान हुई है।
डीसीपी अभिनव विश्वकर्मा ने बताया कि आरोपी किराए की कार से भावना सिंह को अस्पताल लेकर गए थे। वह कार आरोपियों ने निपानिया छोड़ दी थी। उस पर खून के धब्बे मिले हैं। पुलिस ने कार मालिक जतीन जयसवाल को बुलाया। उसने बताया कि आशू यादव को कार किराए पर दी थी। आशू दतिया का रहने वाला है। मकान मालिक दीपक जिन लड़कों को मकान दिया है, वह दतिया, ग्वालियर और सतना के रहने वाले हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर