नगर निगम कार्यकारिणी बैठक में 3722 करोड़ के बजट पर लगी मुहर

--प्रत्येक वार्ड के विकास के लिए दिए जाएंगे एक-एक करोड़ रुपये
गाजियाबाद, 28 मार्च (हि.स.)। नगर निगम कार्यकारिणी की शुक्रवार को हुई। बैठक में 3722 करोड़ के बजट को मंजूरी मिल गयी। बैठक में प्रत्येक वार्ड के लिए एक-एक करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए जाने को मंजूरी दे दी गई है।
हालांकि बैठक में कार्यकारिणी उपाध्यक्ष के चयन को लेकर खासा हंगामा हुआ परंतु बाद में कार्यकारिणी सदस्यों की आपसी सहमति के बाद यह बैठक बजट पास करने के बाद सम्पन्न हो गई।
बैठक दोपहर 12 बजे शुरु हुई तो इसमें कार्यकारिणी उपाध्यक्ष के चुनाव को लेकर कई सदस्यों ने विरोध करना शुरु कर दिया। बैठक में मौजूद कार्यकारिणी सदस्यों प्रवीण चौधरी, अजय शर्मा और पूर्व उपाध्यक्ष राजीव शर्मा की आपत्ति के बाद निगम अधिकारियों ने सदन में ही निगम अधिनियम पढ़ा। जिसमें बताया गया कि कार्यकारिणी उपाध्यक्ष के चुनाव के बिना निगम कार्यकारिणी की बैठक वैध नहीं मानी जा सकती। इसके बाद सभी सदस्यों के आपसी सामंजस्य से कार्यकारिणी की बैठक में बजट पास करवाया गया ताकि वित्त से सम्बंधित नगर निगम के कार्य सुचारु रूप से पूरे हो सकें। कार्यकारिणी की यह बैठक मेयर सुनीता दयाल अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।
कुछ सदस्यों ने बैठक से संबंधित प्रस्ताव देरी से मिलने पर भी अपनी नाराजगी प्रकट की। नगरायुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने इस पर अपनी सफाई देते हुए कहा कि कुछ तकनीकी समस्या उत्पन्न हो जाने के कारण सदन के सदस्यों के पास 72 घंटों के अंदर बैठक का प्रस्ताव नहीं पहुँच पाया। जिसके लिए उन्हें खेद है। नगरायुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने भरोसा दिलाया कि कार्यकारिणी की आगामी बैठकों में प्रस्ताव को समय पर पहुँचाने के लिए सतर्कता बरती जाएगी। इसके बाद नगर निगम कार्यकारिणी के सभी 12 सदस्यों ने एकमत होकर बजट पर अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी। गाजियाबाद नगर निगम के इतिहास में यह पहला मौका है जब नगर निगम के सभी 100 वार्डों में एक-एक करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए जाने को मंजूरी दी गई है।
वित्तीय वर्ष 2022-23 में बजट लगभग 1417 करोड़ रहा वर्ष 2023-24 में बजट 1684 करोड़ रहा वर्ष 2024-25 में बजट 2465 करोड़ रहा। जिसको और अधिक बढ़ाते हुए महापौर तथा नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक ने वित्तीय वर्ष 2025-26 बजट 3722 करोड़ पेश किया। सभी कार्यकारिणी सदस्यों ने एक मत होकर ऐतिहासिक बजट का स्वागत किया। शहर हित में सभी वार्डों में विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ेगी गाजियाबाद नगर निगम द्वारा निर्णय लिया गयाl
महापौर तथा नगर आयुक्त ने सभी मदों पर आय और व्यय पर चर्चा की। पार्षदों ने विज्ञापन से होने वाली आय पर गहनता से चर्चा करते हुए विज्ञापन से आय बढ़ाने के लिए प्रस्ताव रखा। गाजियाबाद नगर निगम कार्यकारिणी द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 के प्रस्तावित बजट पर विस्तार से चर्चा की गईl लगभग 2754 करोड़ आय प्रस्तावित की गई। जिसमें सम्पत्ति कर, लाइसेंस, विक्रय, किराया, ठेका, शुल्क विविध आय शासकीय अनुदान एवं अन्य मदों को सम्मिलित किया गया। व्यय 3033 करोड़ का रखा गया।
महापौर सुनीता दयाल ने बताया कि निगम कार्यकारिणी द्वारा वित्तीय वर्ष 25-26 के ऐतिहासिक बजट पर मोहर लगी है जो की सभी शहर वासियों के लिए उत्साह का विषय है। जिसके क्रम में सभी वार्डों के आंतरिक क्षेत्र में तथा शहर के बाहरी क्षेत्रों में भी विकास के कार्य होंगे जिससे सभी को लाभ मिलेगा। गाजियाबाद नगर निगम द्वारा 1600 करोड़ से बढ़कर 3722 करोड़ बजट प्रस्तावित किया गया है। जिसमें जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ शहर वासियों का भी महत्वपूर्ण सहयोग है। गाजियाबाद नगर निगम द्वारा मदों से होने वाली आय तथा शहर हित में होने वाले व्यय को भी ध्यान में रखते हुए ऐतिहासिक बजट प्रस्ताव वित्त किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / फरमान अली