मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कुष्ठ रोगियों के साथ मनाया जन्मदिन, खुद परोसा भोजन

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कुष्ठ रोगियों के साथ मनाया जन्मदिन, खुद परोसा भोजन


मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कुष्ठ रोगियों के साथ मनाया जन्मदिन, खुद परोसा भोजन


भोपाल, 25 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव मंगलवार को 60 साल के हो गए हैं। इस अवसर पर मंत्री, विधायक और भाजपा पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने भोपाल के गांधी नगर में स्थित कुष्ठ आश्रम में जाकर कुष्ठ रोगियों के बीच अपना जन्मदिन मनाया। धोती-कुर्ता पहने हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आश्रम में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद उन्होंने कुष्ठ रोगियों को भोजन कराया। उन्होंने अपने हाथों से भोजन परोसा।

महात्मा गांधी कुष्ठ आश्रम में मुख्यमंत्री डॉ यादव ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि आज का दिन कई अर्थों में हम अलग प्रकार से मना रहे हैं। वैसे तो हमारी हर सांस के साथ जन्म का समय है। लेकिन, दिन और साल के हिसाब से आज मेरा जन्मदिन है। मैंने अपने मित्रों, भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ में महात्मा गांधी कुष्ठ सेवा धाम में कुष्ठ बंधुओं के साथ जन्मदिन मनाया।

उन्होंने कहा कि ये बीमारी परमात्मा की न जाने कौन सी लीला है। लेकिन, कष्ट से भागने के बजाय कष्ट से लड़ने के लिए ये कुष्ठ योद्धा के नाते से अपने रोजमर्रा के सारे काम निपटाते हुए अपने आप को भी बचाकर चल रहे हैं। हमारी सरकार का भी दायित्व है कि सरकार हर कष्ट में साथ खड़ी दिखाई दे। ऐसे बंधुओं के बीच आकर एक आत्मीय सुख मिलता है। ये ऐसी लाइलाज बीमारी है। लेकिन, ये जरूरी नहीं कि भविष्य की पीढ़ी भी ऐसी हो। ऐसे कई सारे भ्रम मिटाने की जरूरत है।

गौ शाला में जन्मदिन मनाऊंगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं आगर मालवा की गौशाला में गौमाताओं की सेवा करने जा रहा हूं। उसके बाद सुधीर भाई के आश्रम में जहां ऐसे ही आश्रित और कई प्रकार के कष्ट से ग्रस्त लोग रहते हैं। उनसे मिलूंगा और उनके बीच में जन्मदिन मनाऊंगा। प्रदेश को विकास के पथ पर आगे ले जाना है। इसलिए हमने रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव किया है। आज मैं उज्जैन संभाग में 25 इंडस्ट्री का भूमिपूजन करने जा रहा हूं। उम्मीद करता हूं कि सभी लोगों को साथ लेकर विकास के पथ पर लगातार मप्र आगे बढ़ता रहेगा।

मुख्यमंत्री भोपाल से आगर मालवा जिले के सुसनेर में स्थित सालरिया गौ अभ्यारण पहुंचेंगे और यहां सालरिया में एक वर्षीय गौ कृपा कथा के समापन में शामिल होंगे। इसके बाद सीएम गौ प्रसादम का लोकार्पण करके विभागीय प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। यहीं पर तुलादान और वृक्षारोपण कार्यक्रम भी रखा गया है। गौ पूजन, कन्या पूजन, यज्ञ के साथ विकास कार्यों का लोकार्पण, भूमि पूजन और हितलाभ वितरण का कार्यक्रम भी होगा।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने जन्मदिन के मौके पर सीएम हाउस में केक काटा। इस दौरान उन्हें उप मुख्यमंत्री राजेंन्द्र शुक्ल भी बधाई देने पहुंचे थे। साथ ही मुख्य सचिव अनुराग जैन, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव राजेश राजौरा, जे एन कंसोटिया सहित तमाम अधिकारी भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story