नियंत्रण खो देने के बाद वाहन दुर्घटनाग्रस्त, सात यात्री घायल
पुंछ, 21 मार्च (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में शेर-ए-कश्मीर ब्रिज के पास एक वाहन के नियंत्रण खो देने और दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से सात यात्री घायल हो गए हैं।
अधिकारियों के अनुसार वाहन (पंजीकरण संख्या जेके12 1451) सुरनकोट से पुंछ जा रहा था जब वाहन पुल पर पहुँचा तो अचानक वाहन चालक के वाहन पर से नियंत्रण खो देने के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गया और पुल के किनारे से टकरा गया जिसके परिणामस्वरूप सात यात्री घायल हो गए।
स्थानीय निवासी और पुलिस कर्मी घटनास्थल पर पहुँचे और घायलों को जिला अस्पताल पुंछ पहुँचाया जहाँ उनका वर्तमान में उपचार चल रहा है। अस्पताल के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि सभी घायल व्यक्ति खतरे से बाहर हैं। घायलों की पहचान के बारे में फिलहाल जानकारी नहीं मिल पाई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता