मुख्यमंत्री सुक्खू ने धूमधाम से मनाया 62वां जन्मदिन, लोगों ने उत्साह के साथ दी शुभकामनाएं

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री सुक्खू ने धूमधाम से मनाया 62वां जन्मदिन, लोगों ने उत्साह के साथ दी शुभकामनाएं


शिमला, 26 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज अपने 62वें जन्मदिन का जश्न ओक ओवर में मंत्रिमंडल के सदस्यों, विधायकों, पार्टी कार्यकर्ताओं, विभिन्न बोर्डों और निगमों के अध्यक्षों, वरिष्ठ अधिकारियों और बड़ी संख्या में आए लोगों के साथ धूमधाम से मनाया। उत्साही लोग ढोल और नगाड़ों की ध्वनियों के साथ पारंपरिक परिधानों में सजे हुए ओक ओवर पहुंचे और मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए केक काटा।

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने दूरभाष के माध्यम से मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर रिज पर राज्य युवा कांग्रेस द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने मॉल रोड स्थित हिमाचल प्रदेश सचिवालय से जागरूकता वॉकथॉन का शुभारंभ किया जो मॉल रोड से होते हुए हिमाचल प्रदेश राज्य सचिवालय में समाप्‍त हुआ। इस आयोजन का उद्देश्य सड़क सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और समाज में व्याप्त अन्य बुराइयों के प्रति जागरूकता फैलाना था। मुख्यमंत्री ने इस वॉकथॉन में भाग लिया और ओक ओवर तक पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने हलवा भी वितरित किया।

इस अवसर पर कृषि मंत्री चन्द्र कुमार, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया, हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष विनय कुमार, विधायकगण संजय रत्न, संजय अवस्थी, सुरेश कुमार, अजय सोलंकी, आशीष बुटेल, अनुराधा राणा, कैप्टन रणजीत सिंह, विवेक शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान, हिमाचल प्रदेश सचिवालय सेवाएं खेल नियंत्रण बोर्ड के उपाध्यक्ष कुलविंद्र सिंह, महासचिव अनूप कुमार सकलानी, हिमाचल प्रदेश सचिवालय सेवा कर्मचारी संघ के अध्यक्ष संजीव कुमार, महासचिव कमल कृष्ण शर्मा और संघ के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story

News Hub