लोधेश्वर महादेव कॉरिडोर निर्माण के लिए आठ करोड़ की प्रथम किस्त जारी

बाराबंकी,01 अप्रैल (हि.स.)। लोधेश्वर महादेवा में काशी की तर्ज पर कॉरिडोर निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए सरकार ने 49.01 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है। कॉरिडोर के लिए आठ करोड़ प्रथम किश्त जारी होने पर स्थानीय श्रद्धालुओ में खुशी है।
मंदिर के मुख्य पुजारी वीरेंद्र कुमार ने कहा कि अब लोधेश्वर धाम को भव्य रूप मिल सकेगा। मुख्यमंत्री ने जो कहा वो करके दिखाया। अब भोलेनाथ मंदिर को भव्यतम रूप मिलेगा। बाबाराम नाथ जी महराज, पंडित अनिल शास्त्री, पं प्रभाशंकर शास्त्री सहित अन्य भक्तों ने भी बड़ी खुशी जताई।
पुजारी आदित्य महाराज ने कहा कि दो सालों से महादेवा कॉरिडोर निर्माण की हलचल चल रही है। जब मुख्यमंत्री योगी यहां आए थे तो उन्होंने कहा था कि काशी की तर्ज पर यहां पर भी कॉरिडोर निर्माण कराकर विकास किया जाएगा। उन्होंने जो कहा वो कर दिखाया है। पिछले दिनों जब मुख्यमंत्री ने वीडियो कांफ्रेंसिंग की तो राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने लोधेश्वर महादेवा कॉरिडोर निर्माण की बात रखी थी।
इस पर मुख्यमंत्री ने कहा था कि अधिकारियों को निर्देश दिया जा चुका है कि कॉरिडोर निर्माण में कोई कमी न रखें। इसी के बाद इस वित्तीय वर्ष के अंतिम दिन सरकार ने महादेवा कॉरिडोर निर्माण के लिए 49.01 करोड़ स्वीकृत कर आठ करोड़ की पहली किश्त जारी कर दी और कार्यदायी संस्था जल निगम को नामित कर दिया। अब उम्मीद है कि महादेवा में काॅरिडोर निर्माण संबंधी रुकी गतिविधियां जल्द शुरू हो सकेंगी।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी