नई करवट ले रहा है बिहार, वहां एनडीए की सरकार होना जरूरी : मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव

WhatsApp Channel Join Now
नई करवट ले रहा है बिहार, वहां एनडीए की सरकार होना जरूरी : मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव


नई करवट ले रहा है बिहार, वहां एनडीए की सरकार होना जरूरी : मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव


नई करवट ले रहा है बिहार, वहां एनडीए की सरकार होना जरूरी : मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव


नई करवट ले रहा है बिहार, वहां एनडीए की सरकार होना जरूरी : मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव


- भाजपा प्रदेश कार्यालय में बिहार दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित हुआ स्नेह मिलन कार्यक्रम

भोपाल, 23 मार्च (हि.स.) । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज बिहार नई करवट ले रहा है। ऐसे में देश में और बिहार में एनडीए की सरकार होना जरूरी है। भगवान राम और कृष्ण के नाम से ही हमारी संस्कृति चलती है, लेकिन कांग्रेस और उसके सहयोगी हमेशा भगवान राम और कृष्ण का रास्ता रोकते रहे हैं। इन्हीं लोगों ने राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान आडवाणी जी की रथयात्रा को रोका था। आप सभी को यह याद रखना है कि जो राम का नहीं, वो किसी काम का नहीं। पूर्व राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की स्मृति में भोपाल में पॉर्क भी बनेगा और उनकी प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी। यह बात मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने स्नेह मिलन कार्यक्रम में कही।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा, बिहार शासन के मंत्री राजू कुमार सिंह एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में बिहार दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित ‘‘एक भारत श्रेष्ठ भारत‘‘ अभियान के तहत आयोजित स्नेह मिलन कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जब बिहार में एनडीए की सरकार बनी, तो उस सरकार ने वहां के ऐतिहासिक स्थलों, नालंदा जैसे विश्वविख्यात विश्वविद्यालय और धार्मिक-सांस्कृतिक महत्व के स्थलों का जीर्णोद्धार कराया। सड़कें और हाइवे बनाए, आईआईटी और आईआईएम जैसे शैक्षणिक संस्थान खोले और बिहार को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाया। आज बिहार नई करवट ले रहा है। ऐसे में देश में और बिहार में एनडीए की सरकार होना जरूरी है। इस मिलन समारोह में उपस्थित सभी भोजपुरी भाई-बहनें ये संकल्प लें कि आने वाले चुनाव में बिहार में एनडीए की सरकार बनाने के लिए काम करेंगे।

सदियों पुराना है मध्य प्रदेश और बिहार का नाता

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार एक स्वतंत्र राज्य के रूप में भले ही 1912 में अस्तित्व में आया हो, लेकिन मध्य प्रदेश से उसके ऐतिहासिक संबंध रहे हैं। मौर्य काल में जब सम्राट पाटलिपुत्र में बैठते थे, तो भावी सम्राट अवंतिका में बैठकर शासन व्यवस्था संभालते थे। उस काल में सम्राट अशोक ने भी अपने जीवन के 10 वर्ष अवंतिका में बिताए थे। विधर्मियों ने जब राजा भोज के साम्राज्य पर आक्रमण किया, तो यहां के लोगों ने अपने धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए बिहार में ही शरण ली थी। हमें यह बताते हुए गर्व की अनुभूति होती है कि भोजपुरी बोली भी राजा भोज से संबंधित है। बिहार के क्षत्रियों में उज्जैनिया ठाकुर के नाम वाली भी एक शाखा है, जो उज्जैन से बिहार के घनिष्ठ संबंधों को प्रदर्शित करती है। उन्होंने कहा कि बिहार देश का इकलौता राज्य है जिसका नाम वृंदावन बिहारी यानी भगवान कृष्ण के नाम पर है।

भोजपुरी समाज के लोगों के रग-रग में विश्वास और प्रतिबद्धता है : विष्णुदत्त शर्मा

शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र की दुनिया को शिक्षा देने वाले बिहार ने लोकतंत्र को बचाने में प्रमुख भूमिका निभाई थी। कांग्रेस पार्टी ने जब देश में आपातकाल लगाकर लोकतंत्र पर प्रहार किया तो जयप्रकाश नारायण जी ने ही लोकतंत्र बचाने की अलख जगाई और उनके आह्वान पर ही देशभर में आंदोलन शुरू हुआ। जयप्रकाश नारायण जी के आंदोलन से निकली सोच को ही आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह देश की सेवा करने में जुटे हैं। बिहार के लोग देश के हर कोने में मिलेंगे और अपनी योग्यता व कर्मठता से देश व समाज की सेवा के लिए तत्पर रहते हैं। भोजपुरी समाज के लोग भोपाल सहित संपूर्ण मध्य प्रदेश के लिए भी बड़ी ताकत हैं। भोपाल में भोजपुरी समाज से आने वाले स्वर्गीय सुरेन्द्र नाथ सिंह तीन बार भाजपा के जिला अध्यक्ष रहे हैं। वे विधायक भी रहे हैं। वर्तमान में भोपाल के जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति भी भोजपुरी समाज से आते हैं। मध्यप्रदेश के गठन के बाद से आज तक देखा जाए तो भोपाल के अधिकांश कलेक्टर और एसपी बिहार और भोजपुरी समाज से ही रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश सुरक्षित हाथों में है : राजू कुमार सिंह

बिहार शासन के मंत्री राजू कुमार सिंह ने कहा कि पूरा हिंदुस्तान जानता है कि बिहार ज्ञान की भूमि और तपोभूमि रही है। यहां एक से बढ़कर योग योद्वा, वीरपुरूषों ने जन्म लिया। अंग्रेजी हुकूमत और फिरंगियों के खिलाफ सबसे पहले आवाज उठाने वाला कोई व्यक्ति था तो वह भोजपुरिया बाबू कुमार सिंह थे। उन्होंने कहा कि आज देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सुरक्षित हाथों में हैं। हर कोई चैन से सांस ले सकता है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की ताकत बढ़ी है, हिन्दुस्तान की ताकत बढ़ी है। आज दुनिया के किसी भी कोने में जाकर भारतीय कहने में हमें गर्भ होता है। आप जहां भी जाएंगे बिहार समाज के अभूतपूर्व योगदान को जरूर देखेंगे। बिहार दिवस के अवसर पर पूरे देश ही नहीं दुनिया के विभिन्न क्षेत्रों में बिहार दिवस मनाया जा रहा है।

इस अवसर पर प्रदेश शासन की मंत्री कृष्णा गौर, पार्टी के प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी, बिहार के वरिष्ठ नेता सत्यपाल नरोत्तम सहित पार्टी पदाधिकारी व भोपाल में निवासरत बिहार के नागरिकगण उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story

News Hub