भाजपा के शिमला प्रदर्शन में जुटेंगे 10 हजार कार्यकर्ता, अनुराग और कंगना रनौत भी होंगे शामिल
शिमला, 26 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में विपक्षी दल भाजपा गुरूवार यानी 27 मार्च को शिमला में विधानसभा परिसर के बाहर चौड़ा मैदान में सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करेगी। भाजपा ने इस प्रदर्शन में 10 हजार कार्यकर्ताओं के जुटने का दावा किया है। सांसद अनुराग ठाकुर और कंगना रनौत सहित प्रदेश भाजपा के बड़े नेता इस प्रदर्शन में शामिल होंगे। भाजपा प्रदेश महामंत्री और विशाल प्रदर्शन प्रभारी बिहारी लाल शर्मा ने बुधवार को बताया कि इस प्रदर्शन में प्रदेशभर से 10,000 कार्यकर्ता भाग लेंगे। रैली की तैयारियों के मददेनजर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने आज सभा स्थल का निरीक्षण किया और कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने संचालन समिति के साथ प्रदर्शन की तैयारियों की समीक्षा की और प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि इस प्रदर्शन में भाजपा के प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश के सभी लोकसभा सांसद भी इसमें भाग लेंगे। सांसदों में पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, डॉ. राजीव भारद्वाज और फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत भी शामिल होंगी। प्रदर्शन का आयोजन सुबह 10:30 बजे से होगा।
बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि इस प्रदर्शन का मकसद प्रदेश में फैले माफिया राज के खिलाफ विरोध जताना बताया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के हर कोने में माफिया राज का प्रभाव है, चाहे वह ट्रांसफर, कबाड़, डब्बा, नशा, शराब, ठेकेदारी, खनन या अन्य क्षेत्रों में हो। प्रदेश में भ्रष्टाचार ने जड़ें जमा ली हैं, और सरकारी महकमे में छोटे-छोटे कामों में भी भ्रष्टाचार दिखाई दे रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा