नारनौल: पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार: राव नरबीर सिंह

WhatsApp Channel Join Now

-हरियाणा सरकार ने 'प्राण वायु देवता योजना' पेंशन को बढ़ाकर तीन हजार किया

नारनौल, 21 मार्च (हि.स.)। हरियाणा के पर्यावरण, वन एवं वन्य जीव मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि भोजन, जलवायु संतुलन और जैव विविधता के संरक्षण होने के कारण पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार हैं। हमें आने वाली पीढ़ियों के लिए जंगलों को और अधिक समृद्ध बनाना होगा। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में चल रही हरियाणा सरकार बखूबी तरीके से आगे बढ़ा रही है।

नरबीर सिंह शुक्रवार को विश्व वानिकी दिवस के अवसर पर ढोसी हिल्स की तलहटी पर आयोजित कार्यक्रम में नागरिकों को संबोधित कर रहे थे। 'वन और भोजन' लोगों और पृथ्वी के लिए पोषण थीम पर आधारित इस कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त डॉ विवेक भारती तथा पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ भी मौजूद रहे। पर्यावरण, वन एवं वन्य जीव मंत्री ने कहा कि जब तक वन संरक्षित नहीं होंगे तो हमारा जीवन भी सुरक्षित नहीं रहेगा। अगर हम अभी से जागरूक नहीं होंगे तो आने वाली पीढ़ियों की उम्र कम हो जाएगी। उन्होंने कहा कि हम सबको प्रत्येक शुभ अवसर पर एक पेड़ लगाकर उसके बड़े होने तक उसकी पूरी देखभाल करनी चाहिए।

उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे ब्याह शादियों में कार्ड के चलन को बंद करें। इसकी बजाय हमारे पूर्वजों की चावल देने की परंपरा के साथ-साथ डिजिटल कार्ड भेजें। उन्होंने बताया कि केवल एनसीआर क्षेत्र में हर वर्ष 10 करोड़ से अधिक कार्ड छपते हैं जिससे पर्यावरण को बहुत अधिक नुकसान होता है। इसके अलावा उन्होंने पॉलिथीन का प्रयोग न करने का भी आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक कार्य करते हुए हरियाणा सरकार ने एक अनोखी योजना शुरू की है, जिसमें 75 साल या उससे अधिक उम्र के पेड़ों की देखभाल करने वाले व्यक्तियों को हर वर्ष तीन हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इस योजना का नाम 'प्राण वायु देवता योजना' है और इसका उद्देश्य पेड़ों की कटाई को रोकना और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story