Varanasi Weather : वाराणसी में 40 के ऊपर पहुंचा पारा, झुलसाने लगे लू के थपेड़े, जानिए आगे के मौसम का हाल

वाराणसी। जिले में मौसम का मिजाज बदल गया है। भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। गुरुवार को इस सीजन में पहली बार तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जो सामान्य से 4.4 डिग्री अधिक 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह से ही तेज धूप ने लोगों को झुलसाना शुरू कर दिया, जबकि 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही धूल भरी गर्म हवाओं ने लू जैसा एहसास कराया।
गर्म हवाओं ने शरीर की नमी सोख ली, जिससे लोगों को बार-बार प्यास लग रही थी। न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक था। हवा में नमी केवल 15 फीसदी रही, जिससे वातावरण और शुष्क हो गया। दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक धूप इतनी प्रचंड रही कि शहर की सड़कें और घाट सुनसान हो गए।
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक गर्मी का असर कुछ कम हो सकता है, लेकिन 29 अप्रैल तक धूल भरी हवाएं जारी रहेंगी। मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले दो दिनों में तापमान 3 से 5 डिग्री तक गिरेगा, लेकिन 30 मार्च के बाद यह फिर बढ़ना शुरू होगा। 3 अप्रैल के बाद तापमान में तेजी से वृद्धि होने की संभावना है, जिससे गर्मी और ज्यादा परेशान करेगी।