फरीदाबाद में बनाए जाएंगे मिनी फॉरेस्ट: विपुल गोयल

फरीदाबाद, 24 मार्च (हि.स.)। फरीदाबाद जिले में पक्षियों और शुद्ध हवा के मिनी फॉरेस्ट बनाए जाएंगे। इसके लिए हरियाणा सरकार से भी मदद ली जाएगी। सरकार में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने इसको लेकर सोमवार को जानकारी दी। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए सरकार हर संभव मदद करने के लिए तैयार है। मंत्री ने कहा कि शहर में मिनी फॉरेस्ट बनाए जाने से पक्षियों को आसरा मिलेगा और लोगों को शुद्ध हवा भी मिलेगी। शहर के अलग-अलग हिस्सों में ये मिनी फॉरेस्ट बनाए जाएगें। मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि शहर में मिनी फॉरेस्ट बनाने के लिए कई सामाजिक संस्था काम कर रही है। वो चाहते है कि सभी सामाजिक संस्था इस मुहिम का हिस्सा बने और शहर में मिनी फॉरेस्ट को विकसित करने में सरकार की मदद करें। मंत्री ने कहा कि सरकार की तरफ से इस मुहिम को आग बढ़ाने में संस्थाओं की सहायता की जाएगी। उन्होंने कहा कि मिनी फॉरेस्ट के विकसित हो जाने से जैव विविधता को संरक्षित करने में मदद मिलेगी। फरीदाबाद एक औद्योगिक क्षेत्र है ऐसे में गर्मियों के मौसम में प्रदूषण लेवल काफी बढ़ जाता है। मिनी फॉरेस्ट से हम प्रदूषण में कमी ला सकते हैं। मंत्री ने कहा कि फरीदाबाद के औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े लोग भी इस मुहिम में जुड़ रहे हैं। फरीदाबाद में आने वाले दिनों में मिनी फॉरेस्ट की अलग से पहचान बनने वाली है। मंत्री ने लोगों से ज्यादा से ज्यादा पौधे सार्वजनिक स्थलों पर लगाने के लिए अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर