हरियाणा के मुख्यमंत्री व स्पीकर ने देखी पंजाब विधानसभा की कार्यवाही
चंडीगढ़, 25 मार्च (हि.स.)। हरियाणा व पंजाब के बीच एसवाईएल, हिंदी भाषी क्षेत्र व राजधानी समेत कई मुद्दों पर दशकों से खींचतान चली आ रही है। इन मुद्दों पर दोनों ही राज्यों के राजनीतिक दल आपस में टकराते रहे हैं। हरियाणा की ओर से खींचतान भरे रिश्तों में मंगलवार को मिठास घोलने की एक पहल की गई। यह पहल भी हरियाणा की तरफ से हुई है। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मंगलवार को पंजाब विधानसभा के चल रहे बजट सत्र की कार्यवाही देखने के लिए पहुंचे।
अहम बात यह है कि स्पीकर व मुख्यमंत्री के पंजाब विधानसभा जाने की पहले से कोई सूचना पंजाब विधानसभा सचिवालय को नही थी। दोनों अचानक से पंजाब विधानसभा पहुंचने पर पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने हरियाणा के दोनों वरिष्ठ नेताओं का स्वागत किया। दोनों नेताओं के सदन में पहुंचने पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सहित सत्ता पक्ष और विपक्ष के सभी सदस्यों ने हरियाणा के मुख्यमंत्री व स्पीकर का मेज थपथपा कर स्वागत किया।
मुख्यमंत्री नायब सैनी और स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने करीब 20 मिनट तक सदन की कार्यवाही देखी। इसके बाद वह करीब आधा घंटा स्पीकर के चैंबर में रहे। इस दौरान स्पीकर संधवां के अलावा पंजाब के कई वरिष्ठ मंत्री और पंजाब के नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा भी मौजूद थे। इस दौरान दोनों राज्याें के नेताओं के साथ हरियाणा व पंजाब के सांस्कृतिक मामलों पर भी चर्चा हुई।
उल्लेखनीय है कि हरियाणा विधानसभा में इन दिनों बजट सत्र का मध्यावधि अवकाश चल रहा है। हरियाणा विधानसभा का दूसरा चरण बुधवार से शुरू होगा। वहीं पंजाब सरकार बुधवार को अपना बजट पेश करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा