सोनीपत: अंतरराष्ट्रीय बागवानी मंडी के साथ विश्व पटल पर चमकेगा गन्नौर: देवेंद्र कादियान

सोनीपत, 21 मार्च (हि.स.)। गन्नौर
विधायक देवेंद्र कादियान ने शुक्रवार काे विधानसभा सत्र में बजट पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री नायब
सिंह सैनी की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह बजट हर वर्ग किसान, महिला, युवा, गरीब
और व्यापारी के हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो लोगों की अपेक्षाओं
पर खरा उतरता है। कादियान ने इसे जन कल्याणकारी और विकसित भारत-विकसित हरियाणा के लक्ष्य
की ओर बढ़ाने वाला बताया।
उन्होंने
गन्नौर में अंतरराष्ट्रीय बागवानी मंडी के विकास पर विशेष जोर दिया, जिससे किसानों
की आय में बढ़ोतरी होगी और क्षेत्र विश्व मानचित्र पर अपनी पहचान बनाएगा। कादियान ने
बजट में हुई बढ़ोतरी को पर्याप्त करार देते हुए कहा कि यह जनता के लिए लाभकारी सिद्ध
होगा। उन्होंने यह भी जोड़ा कि जब वे सदन में बोलते हैं, तो पूरा हरियाणा उनकी बात
सुनता है और अच्छे कार्यों की सराहना सभी को करनी चाहिए।
कादियान
ने खुद को किसान परिवार से जोड़ते हुए कहा कि सरकार की नीतियों के कारण आज किसान पहले
से अधिक समृद्ध हैं। उन्होंने भाजपा सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश
में बिना पर्ची और खर्चे के नौकरियां दी गई हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने तीसरी बार
सरकार बनते ही करीब 24 हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया। उन्होंने विपक्ष पर निशाना
साधते हुए कहा कि वे इसकी तारीफ करने के बजाय सवाल उठाते हैं, जबकि अकेले में इसे अच्छा
कदम मानते हैं। यही कारण है कि भाजपा तीसरी बार सत्ता में आई। कादियान ने विपक्ष को
सलाह दी कि वे भाजपा की नीतियों को अपनाएं।
विधायक
ने बताया कि सत्र में गन्नौर के विकास से जुड़े कई मुद्दे उठाए गए हैं। उन्हें भरोसा
है कि मुख्यमंत्री इन पर ध्यान देंगे, जिससे गन्नौर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना