इंदौर में बिहार स्थापना दिवस कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ने तीन नए छठ घाट बनाने की घोषणा

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर में बिहार स्थापना दिवस कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ने तीन नए छठ घाट बनाने की घोषणा


इंदौर में बिहार स्थापना दिवस कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ने तीन नए छठ घाट बनाने की घोषणा


इंदौर में बिहार स्थापना दिवस कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ने तीन नए छठ घाट बनाने की घोषणा


रविशंकर प्रसाद बोले- बिहार में अपने परिवार को थोड़ा टाइट करिए

इंदौर, 22 मार्च (हि.स.)। इंदौर में भाजपा ने पहली बार बिहार स्थापना दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया। शनिवार देर शाम यहां आयोजित वृहद बिहारी समाज स्नेह मिलन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घोषणा की है कि इंदौर में छठ पूजा के लिए तीन तालाबों पर नए घाट बनाए जाएंगे। सरकार की सहभागिता से मेले का आयोजन भी होगा। उन्होंने कहा कि बिहार ने हमेशा देश की रक्षा और विकास में अहम योगदान दिया है। उन्होंने बिहार के लोगों से भाजपा को सत्ता में लाने के लिए समर्थन की अपील की।

वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि मैं यहां तीन बातें कहने आया हूं। पहली- इंदौर में रहें, इंदौर में जमे और बिहार को प्यार करें। दूसरी, खूब अच्छा काम करिए और मध्य प्रदेश के विकास में सहयोगी बनिए। अच्छे नागरिक के रूप में काम करिए। तीसरी बात - अपने परिवार को थोड़ा टाइट करिए। बिहार सही रास्ता पर रहना चाहिए। आप समझ रहे हैं न मैं क्या कहना चाहता हूं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में बिहार और बिहार के निवासियों की योग्यता, बुद्धिमत्ता और श्रमशीलता की सराहना की। उन्होंने कहा कि बिहार और मध्य प्रदेश का प्राचीन काल से ही गहरा नाता रहा है। भारत देश के वैभवकाल में पाटलिपुत्र और अवंतिका सत्ता के दो केंद्र हुआ करते थे। सम्राट अशोक की राजधानी पाटलिपुत्र रही, लेकिन उनकी संतति ने मध्य प्रदेश से ही श्रीलंका में बौद्ध धर्म के प्रचार की नींव रखी। उन्होंने कहा कि माँ गंगा के पावन जल में मध्य प्रदेश की नदियों का जल भी समाहित है। मध्य प्रदेश से निकलने वाली अनेक नदियाँ अंततः गंगा में जाकर समाहित होती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब विधर्मी यहां आए तो परमार वंश के शासकों ने देश-धर्म बचाने के लिए पूर्वोत्तर में शरण ली। उन्होंने बिहार में शरण ली। इसलिए भोजपुरी भाषा में हमारा भी योगदान है। ऐसे कई ऐतिहासिक प्रमाण मिलेंगे। हमारी चंबल नदी गंगा जी से मिलकर बिहार की तरफ यात्रा करती है। सोन नदी छत्तीसगढ़ होते हुए बिहार में प्रेम लुटाती है। मैं गर्व के साथ कह सकता हूं कि असंभव से असंभव काम करने वाला बिहार से आता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में बिहार ने विकास के नए आयाम गढ़े हैं और आने वाले दिनों में विकास का यह पहिया और भी तेज़ी से घूमेगा। उन्होंने इंदौर में बिहारी समाज की माँग पर यहाँ छठ पूजन के लिए घाट विकसित करने और छठ मेला आयोजित किए जाने की घोषणा भी की। कार्यक्रम में बिहार से आईं विधायक गायत्री देवी, प्रदेश के नगरीय एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, राज्यसभा सदस्य कविता पाटीदार सहित विधायकगण एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने इंदौर की आर्थिक प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि इंदौर देश के शीर्ष शहरों में शामिल है और यहां की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश का विकास करो और बिहार को भी याद रखो। चारा घोटाले में लालू जी को जेल भिजवाने वाला वकील भी मैं ही हूं। एक तरफ लालू जी गरीबी की बात करके आगे बढ़े। उन्होंने क्या क्या किया, आप सबको को मालूम है। जेल गए तो पत्नी मुख्यमंत्री फिर बेटा उपमुख्यमंत्री।

रविशंकर प्रसाद ने कर्नाटक सरकार के मुस्लिम कॉन्ट्रैक्टर्स को सरकारी टेंडर में 4% आरक्षण देने के फैसले की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि इसमें ओबीसी वर्ग के अधिकार को नुकसान पहुंचाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपासना पद्धति के आधार पर आरक्षण देना सुप्रीम कोर्ट के फैसलों के खिलाफ है।

उन्होंने ऐतिहासिक संदर्भों का उल्लेख करते हुए कहा, 'देश को यह स्वीकार नहीं करना चाहिए कि औरंगजेब की विरासत को सम्मान दिया जाए। हमेशा छत्रपति शिवाजी महाराज का सम्मान सर्वोपरि रहेगा।' स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को लेकर निष्पक्ष फिल्में क्यों नहीं बनाई जातीं। भगत सिंह को सही तरीके से प्रस्तुत किया जाना चाहिए, और संभाजी महाराज के साथ जो अन्याय हुआ, वह देश को जानने का अधिकार है।

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि यहां पर ज्यादातर लोग गंगा मैया के किनारे से आए हैं। इसलिए गंगा मैया की भी जय। विजयवर्गीय ने मुख्यमंत्री से मांग करते हुए कहा कि टिगरिया बादशाह और पिल्याहना तालाब में छठ पूजा के लिए घाट बना दें और यहां पर 2 से 3 दिन के लिए मेले का आयोजन करने की घोषणा कर दें। वहीं, मंत्री तुलसी सिलावट ने कहा कि यह बिहार और मध्य प्रदेश का संगम है। जहां पर गंगा बहती हो, वहां से बेटे आए हैं। यहां पर नर्मदा मैया हैं। बिहार और मध्य प्रदेश एक हो जाए तो देश में नई शक्ति बनती है। बिहार की विधायक गायत्री देवी ने कहा कि इस कार्यक्रम के लिए मध्य प्रदेश का हृदय से आभार व्यक्त करती हूं। आपकी भूमि ने बिहार के प्रवासी भाईयों और बहनों को कर्मभूमि दी।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story

News Hub