फरीदाबाद : तकनीकी खराबी के चलते निगम की वेबसाइट बंद, रुका टैक्स भुगतान

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद : तकनीकी खराबी के चलते निगम की वेबसाइट बंद, रुका टैक्स भुगतान


फरीदाबाद, 25 मार्च (हि.स.)। फरीदाबाद नगर निगम की वेबसाइट में तकनीकी खराबी आने के कारण पिछले पांच दिनों से प्रॉपर्टी आईडी नहीं बन पा रही है, जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऑनलाइन पोर्टल ठप होने की वजह से लोग न तो नई प्रॉपर्टी आईडी जेनरेट कर पा रहे हैं और ना ही अपना प्रॉपर्टी टैक्स जमा कर पा रहे हैं।

नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक यह समस्या केवल फरीदाबाद तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे हरियाणा में हैं। बल्लभगढ़ नगर निगम की जोनल टैक्सेशन ऑफिसर दीपा पब्बी ने बताया कि इस तकनीकी दिक्कत चंडीगढ़ से हैं। तकनीकी टीम समस्या को ठीक करने में जुटी हुई है और जल्द ही पोर्टल को दोबारा चालू कर दिया जाएगा नगर निगम की साइट ठप होने के कारण सबसे ज्यादा परेशानी उन लोगों को हो रही है जो ऑनलाइन माध्यम से अपना टैक्स भुगतान करना चाहते हैं। साइट के ठीक से काम न करने के चलते ओटीपी जनरेट नहीं हो रहा, जिससे ऑनलाइन भुगतान की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है। निगम ने लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही वेबसाइट सुचारू रूप से कार्य करने लगेगी, सभी लंबित कार्यों को तेजी से निपटाया जाएगा।

तकनीकी दिक्कत के चलते बड़ी संख्या में लोग नगर निगम के दफ्तरों में ऑफलाइन सहायता लेने के लिए पहुंच रहे हैं। हालांकि सिस्टम डाउन होने की वजह से यहां भी उन्हें राहत नहीं मिल पा रही है। नगर निगम प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। जब तक पोर्टल ठीक नहीं होता, नागरिकों को धैर्य रखने और समय-समय पर अपडेट के लिए नगर निगम के आधिकारिक चैनलों पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Share this story

News Hub