यमुनानगर: भाजपा सरकार हर वर्ग हित में बना रही है योजनाएं: कंवर पाल

यमुनानगर, 30 मार्च (हि.स.)। पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने जगाधरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जगाधरी शहर के सभी सातों वार्ड की दर्जनों नुक्कड़ बैठकों में जाकर लोगों से जनसंपर्क किया एवं हाल ही में संपन्न हुए जगाधरी विधानसभा चुनाव एवं नगर निगम चुनावों में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों को लेकर की गई मेहनत व आशीर्वाद के लिए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
रविवार को पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने इस दौरान कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के आशीर्वाद से जगाधरी शहर के सभी सातों वार्डों में भाजपा के सभी सात पार्षद उम्मीदवार जीते हैं व महापौर सुमन बहमनी को भी जगाधरी शहर से जबरदस्त लीड मिली।जगाधरी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा संगठन को और कैसे मजबूत किया जाए व कैसे आगे बढ़ाया जाए इन विषयों पर सभी भाजपा पदाधिकारियों कार्यकर्ताओं ने बैठकर विचार विमर्श किया। उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान के तहत चलने वाली लोकतांत्रिक पार्टी है। इसमें सारा कार्य पारदर्शी व्यवस्था के तहत होता है। भाजपा के अपने संगठन चुनावों से भाजपा में नए नेतृत्व को आगे आने का अवसर मिलेगा व युवा वर्ग को ज्यादा अवसर प्राप्त हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सशक्त मजबूत नेतृत्व में हरियाणा प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा हर क्षेत्र में हर वर्ग के हित में योजनाएं बनाई जा रही है तथा महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में भी विशेष रूप से कदम उठाए जा रहे हैं। भाजपा संगठन की नीतियों व हरियाणा भाजपा सरकार की योजनाओं के प्रचार प्रसार को लेकर भी आगे की रूपरेखा बनाई गई है। जगाधरी शहर में जनसंपर्क का यह सिलसिला लगातार ऐसे ही जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि उन्होंने अभिभावक के तौर पर जगाधरी शहर का विकास करने का कार्य किया है और आगे भी वह जगाधरी शहर सहित पूरी जगाधरी विधानसभा में लगातार विकास कार्य करवाते रहेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / अवतार सिंह चुग