महाकुंभ के आयोजन से पूरी दुनिया में बजा सनातन का डंका : मुख्यमंत्री योगी

आगरा, 26 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को आगरा में दिवंगत संत योगी सिद्धनाथ जी के शंखाढाल एवं भंडारा कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने राजा की मंडी स्थित प्राचीन दरिया नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना भी की। मुख्यमंत्री योगी ने यहां संतों की धर्म सभा को संबोधित करते हुए कहा कि महाकुंभ के बाद संतों का सबसे बड़ा जमावड़ा आज ब्रज की भूमि पर हो रहा है। महाकुंभ की भव्यता और दिव्यता सभी ने देखी। पूरी देश और दुनिया ने देखा कि 45 दिनों में 66 करोड़ से अधिक लोग प्रयागराज पहुंचे थे। यह सनातन धर्म की ताकत है। उन्होंने कहा कि हम लोग प्रयास कर रहे हैं कि सनातन धर्म, नाथ संप्रदाय का एक म्यूजियम बनाया जाए।
Also Read - इंदौरी जज़्बा शहर को बनाता है देश में नंबर वन
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अयोध्या में 500 वर्षों के बाद राम मंदिर का बनना संभव हुआ है, तो देश के अन्य जगहों पर भी संभावना बनी है। अयोध्या में राम मंदिर का बनना और महाकुंभ का आयोजन, दोनों संतों के संकल्प से पूरा हुआ। पहले माना जाता था कि महाकुंभ का आयोजन केवल संतों का है। लेकिन, संतों ने पूरे भाव के साथ समाज को जोड़ने का काम किया तो देखते ही देखते 66 करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने का आंकड़ा पार कर गया। इनमें साधु-संत करीब 50 लाख थे। योगी ने कहा कि सनातन का दौर अब दुनिया के अंदर बढ़ा है। उन्होंने कहा कि संतों की साधना की सिद्धि है। महाकुंभ के अवसर पर पूरे देश और दुनिया ने देखा है। इतना बड़ा समागम दुनिया के अंदर कहीं नहीं हुआ। ये ताकत सिर्फ सनातन धर्म में ही है।
सनातन सुरक्षित रहेगा, तो ही देश सुरक्षित रहेगा : योगी आदित्यनाथ
उन्होंने कहा कि सनातन सुरक्षित रहेगा, तो ही देश सुरक्षित रहेगा। उन्होंने साधु संतों से अपील की है कि आप किसी भी पंथ और संप्रदाय से जुड़े हुए हों लेकिन राष्ट्र और समाज निर्माण के लिए ही कार्य करना चाहिए। उन्होंने साधु-संतों से मोबाइल का उपयोग कम करने की भी सीख दी। मोबाइल पर जो आपको दिखता है या सुनते हैं, वह जरूरी नहीं सच हो। ऐसे में साधु संतों को साधना में लीन होकर के समाज को एक करने के लिए कार्य करना चाहिए। जो कुछ भी आपके पास है लोक कल्याण के लिए समर्पित करिए। राष्ट्र कल्याण के लिए समर्पित करिए और याद रखना हम सभी संतों को इस बात का स्मरण रखना होगा कि हमारा पंथ कोई भी हो, संप्रदाय हो भी कोई भी हो, मठ हो कोई भी उपासना विधि हो, वह तब ही सुरक्षित है जब सनातन धर्म सुरक्षित है। जो कुछ भी हो सनातन धर्म के लिए समर्पण का भाव हो। देश की सुरक्षा के लिए अपना सब कुछ समर्पित करना होगा। उन्होंने कहा कि हम लोग प्रयास कर रहे हैं कि सनातन धर्म/नाथ संप्रदाय का एक म्यूजियम बनाया जाए। अपने देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले योगी सिद्धनाथ जी उस परंपरा के योगी थे।
सीएम योगी ने प्राचीन भैरव नाथ मंदिर में किया दर्शन : पूजन
धर्मसभा के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सबसे पहले राजा की मंडी स्थित दरिया नाथ मंदिर में स्थित शिव मंदिर के दर्शन किए। उसके बाद दरिया नाथ मंदिर परिसर में स्थित 500 साल पुराना प्राचीन भैरव नाथ मंदिर में पुष्प अर्पित कर दर्शन- पूजन किया। योगी ने समाधि स्थल के दर्शन कर पुष्प अर्पित किए और उसके बाद योगी ने धूनी स्थल में चल रहे यज्ञ में आहुति दी। उन्होंने मंदिर परिसर में साधु- संतों के साथ भोजन प्रसादी भी ग्रहण किया।
इस अवसर पर पीठाधीश्वर बालकनाथजी महाराज, बाबा दीदारनाथजी महाराज, महंत, प्राचीन दरियानाथ मंदिर, आगरा, महंत पीर योगी शेषनाग जी महाराज, 12 के रमतो के महंत योगी कृष्ण नाथ जी महाराज, 18 के रमतो के महंत योगी समुंदरनाथजी महाराज, संपूर्णानंद, प्रभारी आगरा हिंदू युवा वाहिनी, दानवीर सिंह परमार, जिलाध्यक्ष, हिंदु युवा वाहिनी, आगरा, रंजीत सिसौदिया, जिला उपाध्यक्ष, हिन्दू युवा वाहिनी, आगरा सहित हजारों साधु-संत उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार