बड़ालालपुर में 24 से 28 मार्च तक 108 कुंडीय गायत्री महायज्ञ के लिए हुआ भूमि पूजन

वाराणसी, 16 मार्च (हि.स.)। गायत्री तीर्थ शान्तिकुन्ज हरिद्वार एवं गायत्री परिवार वाराणसी के संयुक्त संयोजन में 14 से 28 मार्च के बीच बड़ालालपुर स्थित जीवन दीप उत्सव वाटिका में 108 कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन होगा। महायज्ञ के लिए वाटिका में रविवार को वैदिक मंत्रोंच्चार के बीच भूमिपूजन किया गया।
भूमिपूजन में वाराणसी महापौर अशोक तिवारी भी शामिल हुए। आचार्य के रूप में शान्तिकुन्ज के प्रतिनिधि कैलाश तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चार संग गायत्री विधि विधान के साथ भूमि पूजन कराया। इसके बाद भक्ति संगीत में युग गायक नरेन्द्र मिश्रा ने भक्ति संगीत की सुर सरिता बहाई। इनके साथ तबले पर संगत सक्षम मिश्रा ने किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम और भजन संध्या में गायत्री साधकों ने अबीर गुलाल संग फूलों की होली भी खेली।
कार्यक्रम संयोजक विद्याधर मिश्र ने बताया कि होने वाले 108 कुण्डीय शक्ति संवर्द्धन गायत्री महायज्ञ की पूरी तैयारी हो गई है। कार्यक्रम संचालन के लिए टीम का भी चयन कर लिया गया है। समूचा कार्यक्रम अखिल विश्व महिला मंडल प्रमुख शैफाली पंड्या की उपस्थिति में होगा। आज मुख्य यजमान संजय सिंह ने सपत्नीक भूमि पूजन किया। कार्यक्रम में डॉ. अशोक सिंह, बड़ा लालपुर के पार्षद ज्ञानचंद पटेल, सारनाथ वार्ड के पार्षद अभय कुमार पाण्डेय आदि मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी