वंदना पोपली दूसरी बार बनी रेवाड़ी भाजपा जिलाध्यक्ष


रेवाड़ी, 17 मार्च (हि.स.)। रेवाड़ी में भाजपा ने सोमवार को वर्तमान जिलाध्यक्ष वंदना पोपली पर विश्वास कायम रखते हुए उन्हें दोबारा से भाजपा जिलाध्यक्ष की जिम्मेवारी सौंपी है। भाजपा जिलाध्यक्ष के लिए रेवाड़ी में नेताओं की लंबी सूची बनी हुई थी। भाजपा के 21 नेताओं ने जिलाध्यक्ष के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। लेकिन सोमवार को हुई घोषणा में पार्टी हाईकमान ने वर्तमान जिलाध्यक्ष वंदना पोपली को ही दोबारा से जिलाध्यक्ष की जिम्मेवारी सौंपी है।
वंदना पोपली 2019 में भाजपा में शामिल हुई थीं। भाजपा ने उन्हें प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट, सह प्रवक्ता, लोकसभा चुनाव के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी नियुक्त किया था और वे प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी संभालते हुए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और अब मुख्यमंत्री नायब सैनी की सरकार का पक्ष मीडिया में बखूबी रखती थीं। वर्तमान में भी वे भाजपा जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहीं थी।
रेवाड़ी में भाजपा की वर्तमान जिलाध्यक्ष वंदना पोपली, जिला महामंत्री सत्यदेव यादव, जिला महामंत्री ईश्वर चनेजा, महिला जिलाध्यक्ष कविता गुप्ता, रामअवतार खतोपुरी, हेमलता तंवर सहित 21 लोगों ने नामांकन किया। जिनमें से पांच नेता पार्टी के द्वारा बनाए गए पैमाने पर खरे नहीं उतरे तो उनका नामांकन रद्द कर दिए गए। भाजपा की ओर से संगठन चुनाव में उम्र का पैमाना बनाया गया था। नामांकन करने वाले की उम्र 45 से 55 उम्र के बीच होनी चाहिए। पांच नामांकन इसी वजह से रद्द हुए। क्योंकि उनकी उम्र 45 से 55 के बीच नहीं थी।
बता दें वंदना पोपली पंजाबी समाज से है। वंदना पोपली रेवाड़ी की पहली महिला जिलाध्यक्ष बनी थी। इनसे पहले सभी जिलाध्यक्ष पुरुष रहे हैं। वंदना पोपली एक ऐसी महिला नेत्री है, जिस पर केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह व पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का आशीर्वाद है। वंदना पोपली ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महेंद्रगढ़ रैली में मंच का कुशल संचालन किया था। जिसकी सभी ने प्रशंसा की थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला