सामाजिक समरसता व नागरिक कर्तव्यों के साथ राष्ट्र निर्माण का कार्य करें कार्यकर्ताः शिवप्रकाश



- सुचिता के साथ संगठन के कार्यों को आगे बढ़ाएं कार्यकर्ताः शिवप्रकाश
भोपाल, 31 मार्च (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के साथ समाज को सशक्त बनाकर उसे आगे ले जाने का कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में कार्यकर्ता सामाजिक समरसता व नागरिक कर्तव्यों के साथ राष्ट्र निर्माण का कार्य करें। पार्टी कार्यकर्ता सुचिता के साथ संगठन के कार्यों को आगे बढ़ाएं और पार्टी गतिविधियों को संपन्न करें।
शिवप्रकाश सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में हुई बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि समाज के सामने कभी-कभी ऐसे विषय आ जाते हैं, जिसको लेकर समाज में कुछ लोग भ्रम उत्पन्न करने का प्रयास करते हैं। चूंकि आप सभी भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम का भाव लेकर देश और समाज की सेवा का कार्य कर रहे हैं, इसलिए आप सभी की यह जिम्मेदारी बनती है कि समाज को सही दिशा दें। इसके लिए आप सभी को समय-समय पर अलग-अलग विषयों को लेकर जागरूकता लाने का कार्य करना होगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा वन नेशन वन इलेक्शन का बिल हो या वक्फ का विधेयक, यह सभी जनता के और समाज के हितों को देखते हुए ही लाए जा रहे हैं। कार्यकर्ता बैठकों में अपने आसपास, मोहल्ले, समाज और देश के मुद्दों पर चर्चा करें और जनता को भी वास्तविकता से अवगत कराएं, ताकि देश और समाज को तोड़ने वाले अपने मंसूबों में सफल न होने पाएं। आप सभी पार्टी कार्यकर्ता संगठन के कार्यों को आगे बढ़ाते हुए अपने जिले, संभाग व प्रदेश के पार्टी संगठन को देश के एक आदर्श संगठन के रूप में प्रस्तुत करने का कार्य करें।
कार्यकर्ता सरकार की विकास योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं: मोहन यादव
बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारे सभी पर्व व्रत-उपासना के लिए होते हैं, जबकि सभी त्योहार खुशियां मनाने के लिए होते हैं। बीते 20 सालों में भाजपा की सरकारों ने महाराज विक्रमादित्य की स्मृतियों को संजोने के लिए अनेक कदम उठाए हैं। जिला स्तर पर जो भी अच्छे कार्यक्रम हों, उनमें पुलिस बैंड की सेवाएं लें। प्रदेश सरकार ने प्रत्येक जिले में विकास समितियों के गठन का निर्णय लिया है, जो विकास को लेकर अपने सुझाव और अनुशंसा देंगी। प्रदेश सरकार ने 30 मार्च से अगले तीन महीनों के लिए जल गंगा संरक्षण अभियान शुरू किया है। इस अभियान के अंतर्गत जल स्त्रोतों की सफाई, उनका जीर्णोद्धार किया जाएगा। इसके अलावा वाटर रिचार्ज के काम भी किए जाएंगे। पार्टी कार्यकर्ता इन कार्यक्रमों में भाग लें। प्रदेश सरकार ने विकास की अनेक योजनाएं लागू की हैं, पार्टी कार्यकर्ता विकास के इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प की पूर्ति में योगदान के लिए मध्य प्रदेश ने भी अपना लक्ष्य तय किया है और हम उस समय तक प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय 22,50,000 रुपये तक पहुंचा देंगे। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार गेहूं की तरह दूध उत्पादन पर भी बोनस दे रही है। गौशालाओं में प्रति गौवंश सरकारी अनुदान 20 से बढ़ाकर 40 रुपये कर दिया गया है तथा जो व्यक्ति 10 से अधिक गाय पालेगा, उसे सरकारी अनुदान एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
भाजपा 6 अप्रैल को हर बूथ पर स्थापना दिवस मनाएगीः विष्णुदत्त शर्मा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि पार्टी के स्थापना दिवस पर 6 अप्रैल को प्रदेश के सभी 65 हजार 14 बूथों पर प्राथमिक सदस्यों का सम्मेलन आयोजित किया जायेगा। इसी दिन पार्टी के सभी कार्यकर्ता अपने-अपने घरों में झंडा लगाएंगे। कार्यक्रमों में मिष्ठान वितरण कर स्थापना दिवस का उत्सव बनाया जाएगा। 7 से 12 अप्रैल तक गांव चलो, बस्ती चलो अभियान चलाया जाएगा, जिसमें सभी कार्यकर्ता तीन दिन तक प्रतिदिन आठ घंटे गांव व बस्ती में सेवा कार्यों में सहभागिता करेंगे। 8 और 9 अप्रैल को सभी मंडल स्तर पर पार्टी के सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें पार्टी का इतिहास, विकास और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण की योजनाएं को बताया जाएगा।
प्रदेश भर में संविधान की प्रस्तावना का पाठ कर मनाई जाएगी बाबा साहब की जयंती
विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि पार्टी 14 अप्रैल को भारत रत्न, संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती के अवसर पर प्रदेश के सभी जिलों में बाबा साहब की मूर्तियों पर माल्यार्पण, मिष्ठान वितरण कर जयंती मनाई जाएगी। साथ ही पार्टी कार्यकर्ता प्रदेशभर में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ करेंगे। आंगनबाड़ी केंद्रों और अनुसूचित जाति बस्तियों के स्कूलों में पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ परिसर की सफाई, सामुदायिक सुविधाओं का रखरखाव का सेवा कार्य किया जाएगा। 15 अप्रैल से 25 अप्रैल के बीच समाज के विभिन्न वर्गों के नेताओं के साथ जिला स्तरीय संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। संगोष्ठी में बाबा साहब के जीवन के विभिन्न पड़ावों पर चर्चा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि वन नेशन-वन इलेक्शन को लेकर पार्टी कार्यकर्ता जनता में जागरूकता लाने का कार्य करें। नगरीय निकाय और स्थानीय निकाय वन नेशन, वन इलेक्शन को लेकर प्रस्ताव पारित कर रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ता समाज के लोगों से भी ‘‘वन नेशन वन इलेक्शन’’ को लेकर ओपीनियन लेने का कार्य करेंगे।
भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लेकर कार्य कर रहे हैं। आप सभी पार्टी कार्यकर्ता भी प्रधानमंत्री मोदी के सपनों का भारत बनाने के लिए कार्य करें। आप सभी कार्यकर्ता भाजपा की रीढ़ की हड्डी हैं। प्रधानमंत्री ने अपने कार्यों और नीतियों से विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता हैं और उपलब्धियां ऐसी की चांद में तिरंगा फहरा दिया। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में मिल रही उपलब्धियों को जनता तक बताएं और पार्टी संगठन के कार्यों को सफलता पूर्वक संपन्न कराएं। बैठक को प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने भी संबोधित किया। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री कविता पाटीदार एवं आभार प्रदेश महामंत्री हरिशंकर खटीक ने व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर