शिवपुरी: बेकाबू कार पुलिया से गिरी, दो महिला डॉक्टरों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
शिवपुरी: बेकाबू कार पुलिया से गिरी, दो महिला डॉक्टरों की मौत


- अयोध्या से उज्जैन जा रहे थे, शिवपुरी के लुकवासा बायपास पर हादसा

शिवपुरी, 23 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग-46 पर स्थित लुकवासा बायपास के पास रविवार सुबह करीब 8 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें अयोध्या से उज्जैन जा रही एक अर्टिगा कार बेकाबू होकर पुलिया से नीचे गिर गई। इस घटना में दो महिला डॉक्टरों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना में शामिल कार के चालक डॉ. अतुल आचार्य (55) ने बताया कि उनकी टीम महाराष्ट्र से दस दिन पहले तीर्थ यात्रा पर निकली थी। अयोध्या के दर्शन के बाद वे उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर जा रहे थे। हादसा तब हुआ जब कार अचानक नियंत्रण खोकर लुकवासा बायपास के पुलिया से टकराई और नीचे जा गिरी।

हादसे में डॉ. तन्वी आचार्य पत्नी डॉ. अतुल आचार्य (50) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि डॉ. नीलम पंडित पत्नी डॉ. सुबोध पंडित (55) को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

इस हादसे में डॉ. उदय जोशी (64) दादर, डॉ. सुबोध पंडित (62) बसई, डॉ. अतुल आचार्य (55) भिवंडी और डॉ. सीमा जोशी (59) गंभीर रूप से घायल हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सभी यात्री महाराष्ट्र के मुंबई, भिवंडी और बसई क्षेत्र के निवासी हैं। उनके परिजनों को सूचित करने के साथ ही मृतकों के शवों को उनके गृहनगर भेजने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / शरद शर्मा

Share this story

News Hub