राष्ट्रीय महिला हॉकी लीगः फाइनल फेज के पांचवें दिन ओडिशा, मिजोरम, महाराष्ट्र और झारखंड की शानदार जीत


रांची, 24 मार्च (हि.स.)। मारंग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम (रांची) में खेले जा रहे नेशनल विमेंस हॉकी लीग 2024-25 के फाइनल फेज के पांचवें दिन हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा, हॉकी मिजोरम, हॉकी महाराष्ट्र और हॉकी झारखंड ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर अंकतालिका में महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की।
पहला मुकाबला: हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा ने पूल-ए के मुकाबले में हॉकी हरियाणा को 2-0 से हराया। ओडिशा की ओर से प्रतिभा किंडो (9') और शिबानी लुगुन (59') ने गोल दागकर टीम को शानदार जीत दिलाई। इस जीत के साथ ओडिशा की टीम अंकतालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई, जबकि हॉकी हरियाणा अभी भी शीर्ष पर बनी हुई है।
दूसरा मुकाबला: हॉकी मिज़ोरम ने रोमांचक मुकाबले में हॉकी मध्य प्रदेश को 2-1 से हराकर तीसरे स्थान पर कब्जा जमाया। मिज़ोरम की ओर से लालतलछुंगी (42') और मंगलावमसंग (58') ने गोल किए, जबकि मध्य प्रदेश के लिए सुनीता कुमारी (54') ने एकमात्र गोल किया। इस हार के साथ हॉकी मध्य प्रदेश पांचवें स्थान पर खिसक गई।
Also Read - विद्यालयों में दी जाएगी नशामुक्ति की शिक्षा
तीसरा मुकाबला: हॉकी महाराष्ट्र ने हॉकी बंगाल को 4-2 से हराकर अपनी पहली जीत दर्ज की। महाराष्ट्र के लिए सानिका चंद्रकांत माने (18'), तनुश्री दिनेश कडू (29'), निक्कू गुर्जर (54') और खुशी (56') ने गोल किए। वहीं, बंगाल की ओर से जमुना एक्का (3') और कप्तान सुबिला तिर्की (48') ने गोल किए। इस जीत से महाराष्ट्र छठे स्थान पर पहुंच गया, जबकि बंगाल अभी भी अपनी पहली जीत की तलाश में है।
चौथा मुकाबला: हॉकी झारखंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मणिपुर हॉकी को 8-0 से करारी शिकस्त दी। झारखंड की ओर से संगीता कुमारी (2', 21', 48') और स्वीटी डुंगडुंग (20', 35', 51') ने हैट्रिक लगाई, जबकि पिंकी कुमारी (23', 37') ने भी दो गोल दागे। इस धमाकेदार जीत के साथ झारखंड की टीम अंकतालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गई, जबकि मणिपुर सातवें स्थान पर है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय