समालखा पट्टी कल्याण में 2 अप्रैल से शुरू होगा भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 31 मार्च (हि.स.)। समालखा पानीपत में भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर 2 अप्रैल बुधवार से शुरू होगा। इसमें भाजपा जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों और मंडल अध्यक्षों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इस शिविर में केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल और मुख्यमंत्री सहित

भाजपा के कई बड़े नेता शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली की अध्यक्षता में होने वाले इस प्रशिक्षण शिविर में पार्टी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया, सह-प्रभारी सुरेंद्र नागर, संगठन मंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा समेत केंद्र व राज्य के मंत्रियों के अलावा केंद्रीय आईटी एवं सोशल मीडिया प्रमुख अमित मालविया भी अपने विचार रखेंगे।

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी ने बताया कि 2 और 3 अप्रैल को पानीपत समालखा के पट्टी कल्याण में होने वाली कार्यशाला की पार्टी ने तैयारियां कर ली है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और समय-समय पर कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक विषयों की जानकारी देने व प्रशिक्षित करने के लिए कार्यशालाओं का आयोजन नियमित रूप से होता रहता है। संगठन और पार्टी की विचारधारा की कार्यकर्ताओं को जानकारी दी जाती है और संगठनात्मक विषयों पर प्रशिक्षित किया जाता है।

अरविंद सैनी ने बताया कि हरियाणा में भाजपा का संगठन पर्व चल रहा है। बूथ अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष और जिला अध्यक्षों की नियुक्तियां हो चुकी हैं। नवनियुक्त जिला अध्यक्षों और जिला प्रभारियों व मंडल अध्यक्षों को इस कार्यशाला में बुलाया गया है। इस प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ताओं को संगठन के पदाधिकारियों और नेताओं का मार्गदर्शन मिलेगा। पदाधिकारियों को मीडिया, सोशल मीडिया व पार्टी की परिपाटी के बारे में बताया जाएगा। इन दो दिनों में भाजपा की केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्यिं से भी कार्यकर्ताओं को अवगत कराया जाएगा।

सैनी ने बताया कि भाजपा के कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। कार्यशाला में सभी बड़े नेता पार्टी की कार्ययोजना एवं रणनीतियों तथा विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करेंगे, ताकि हमारे कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएं और विकसित भारत व विकसित हरियाणा बनाने में अपना योगदान दे सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story

News Hub