लखनऊ में बनेगा सबसे बड़ा अम्बेडकर स्मारक : ब्रजेश पाठक

लखनऊ, 25 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार की सेवा, सुरक्षा और सुशासन की नीति के सफल आठ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ‘उत्कर्ष के आठ वर्ष’ कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ हुआ। यह कार्यक्रम आज राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के समस्त 75 जनपदों में आयोजित किया जा रहा है। तीन दिवसीय इस कार्यक्रम का उद्घाटन मंगलवार को यहां इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में किया गया।
इस अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि लखनऊ में सबसे बड़ा अम्बेडकर स्मारक बनेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में प्रदेश का हर क्षेत्र में ऐतिहासिक विकास हुआ है। उपमुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि 2017 से पहले प्रदेश की छवि बीमारू राज्य के रूप में थी। अब प्रदेश में सड़कों, फ्लाईओवरों, बिजली, पानी, शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में अभूतपूर्व सुधार हुआ है। आठ सालों में प्रदेश ने विकास की नई रफ्तार पकड़ी है और यह सरकार गरीबों, पिछड़ों और वंचितों की सरकार है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत लाभार्थियों को 5 लाख रुपये का डेमो चेक दिया गया। साथ ही स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत टैबलेट वितरित किए गए। मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत स्वीकृति पत्र और प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चाबी का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम के बाद, संस्कृति विभाग द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सुरेश कुशवाहा द्वारा प्रस्तुत गीतों ने सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुँचाया, जबकि अल्पना मेहरोत्रा और उनकी टीम ने ‘छाप तिलक सब छीन ली’ जैसे पारंपरिक गीतों से माहौल को संगीतमय बना दिया।
इसके बाद, नीतेश कुमार की टोली ने ‘जनता की सरकार’ नाटक के माध्यम से सरकार के आठ वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित अपनी प्रस्तुति दी, जो दर्शकों के बीच काफी सराही गई। घनश्याम शर्मा और सुमिता श्रीवास्तव ने भी गीतों से सभी का मन मोहा। मुंबई से आए कबीर कैफे बैण्ड ने इण्डी-लोक एवं लोक-फ्यूजन की धुनों पर लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। दर्शक दीर्घा में बैठे स्कूली छात्र-छात्राओं ने परफोमेंस का जमकर लुत्फ उठाया।
इस अवसर पर विधायक, सरोजनी नगर डॉ. राजेश्वर सिंह, विधायक, बक्शी का तालाब, योगेश शुक्ला, विधायक, मोहनलालगंज राम अमरेश कुमार, विधायक, लखनऊ पूर्व, ओ0पी0 श्रीवास्तव, ज़िलाधिकारी, लखनऊ, विशाख जी, विधान परिषद सदस्य, मुकेश शर्मा, विधान परिषद् सदस्य अवनीश सिंह समेत अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन