झंडा साहिब में चला दर्शनों और मनौतियों का क्रम, महाराज ने संगतों को दिए दर्शन


- 21 मार्च को होगी ऐतिहासिक नगर परिक्रमा, संगतों ने पूरी की तैयारीदेहरादून, 20 मार्च (हि.स.)। दरबार श्री गुरु राम राय महाराज परिसर में संगतों की चहल पहल रही। देश विदेश से आई संगतों के साथ गुरुवार को बड़ी संख्या में देहरादून नगरवासियों ने भी झंडे पर शीश नवाया। संगतों ने झंडा साहिब और दरबार साहिब में माथा टेका व मनौतियां मांगी।
अल सुबह से ही दरबार गुरु राम राय महाराज के सज्जादे गददी नशीन महंत देवेन्द्र दास महाराज के दर्शनों के लिए संगतें कतारें लगाए खड़ी रहीं। श्री महाराज ने संगतों को दर्शन दिए व आशीर्वाद दिया। इस मौके पर संगतों को आदर्श जीवन जीने के लिए गुरु की वाणी का अमृतपान करवाया।
उन्होंने कहा कि किसी भी दृष्टि से गुरु महाराज को भजो, आपको उसका पुण्य अवश्य प्राप्त होगा। मानव जीवन में कर्म का बहुत महत्व है। मनुष्य की पहचान उसके कर्मों से होती है। उन्होंने जन्म-मृत्यु के बंधन से मुक्ति व मोक्ष के रहस्य का ज्ञान भी दिया। उन्होंने सुख शांति का संदेश एवं गुरु मंत्र देते हुए गुरु महिमा के महत्व से आत्मसात करवाया।
दरबार गुरु राम राय महाराज के सज्जादे गददी नशीन महंत देवेन्द्र दास महाराज की अगुवाई में 21 मार्च को ऐतिहासिक नगर परिक्रमा होगी। परंपरा के अनुसार झंडे साहिब आरोहण के तीसरे दिन नगर परिक्रमा के लिए संगतें पहुंचती हैं। नगर परिक्रमा देहरादून के नगरवासियों के लिए भी ऐतिहासिक क्षण होता है, जब देश विदेश की संगत उनके बीच होती हैं। हर साल यह बहुत ही मनमोहक नजारा होता है जब गुरु राम राय महाराज की ओर से बसाए गए देहरादून नगर के बीचों बीच से गुरु की संगत गुजरती है और दूनवासी पलक पावड़े बिछाए पुष्प वर्षा के साथ उनका स्वागत करते हैं।
दरबार गुरु राम राय महाराज झंडा महोत्सव-2025 के मुख्य व्यवस्थापक मधुसूदन सेमवाल ने बताया कि परंपरानुसार झंडे आरोहण के तीसरे दिन नगर परिक्रमा का आयोजन किया जाता है। नगर परिक्रमा में महंत देवेन्द्र दास महाराज की अगुआई में संगतें दून नगर की परिक्रमा करती हैं। शुक्रवार सुबह 7ः30 बजे दरबार साहिब परिसर से नगर परिक्रमा आरंभ होगी। नगर परिक्रमा में 25 हजार से अधिक संगतें शामिल होंगी। नगर परिक्रमा दरबार साहिब से प्रारम्भ होकर सहारनपुर चैक, कांवली रोड होते हुए श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, बिंदाल पहुंचेगी। यहां संगत को चने, मुरमुरे व गुड़ का प्रसाद वितरित किया जाएगा। यहां से तिलक रोड, टैगोर-विला, घण्टाघर व घण्टाघर से पल्टन बाजार होते हुए लक्खीबाग पुलिस चैकी से रीठा मण्डी, गुरु राम राय पब्लिक स्कूल बाॅम्बे बाग पहुंचेगी। गुरु राम राय पब्लिक स्कूल में गन्ने के प्रसाद बांटा जाएगा। इसके बाद ब्रहमलीन श्रीमहंत साहिबान के समाधि स्थल पर मत्था टेकेने के बाद सहारनपुर चैक होते हुए दोपहर 12 बजे नगर परिक्रमा दरबार साहिब वापिस पहुंचकर सम्पन्न होगी।
गुरु महिमा भजनों व कीर्तन की रही धूमगुरुवार सुबह से ही श्री दरबार साहिब परिसर में गुरु महिमा व गुरु के भजनों की धूम रही। गुरु महिमा से सराबोर भक्ति रस से श्री दरबार साहिब महिमामई रहा। सतगुरु तेरे तेरे-------, रंग बरसे रंग बरसे बाबा जी दरबार तेरे रंग बरसे----------, सदगुरु मैं तेरी पतंग हवा विच उड्दी जाॅवां गी जैसे भक्ति गीतों का श्रद्धालुओं ने जमकर लुत्फ उठाया।
श्री दरबार साहिब के अन्दर व बाहर लगे लंगरश्री दरबार साहिब के अन्दर व बाहर संगतों की सेवा में लंगर लगाए गए हैं। बाहरी व दून के श्रद्धालु लंगर छक रहे हैं। श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के डाॅक्टरों, नर्सिंग व पैरामैडिकल स्टाफ की टीम चिकित्सकीय सेवा के लिए श्री दरबार साहिब में उपलब्ध है। संगतें व दूनवासी झंडे मेले के आयोजन का भरपूर लुत्फ उठा रहें हैं।
लगाया रक्तदान शिविरमहंत इन्दिरेश अस्पताल और महाकाल सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में संगतों ने बढ़चढ़ कर रक्तदान किया। दरबार गुरु राम राय महाराज परिसर में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 200 यूनिट रक्तदान हुआ। स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में पुरुषों के साथ साथ महिलाओं ने भी बढ़चढ़ कर भागीदारी की।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार