जेकेईएसएल पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के लिए उत्कृष्ट सेवाएं दे रहा है : बलबीर

WhatsApp Channel Join Now
जेकेईएसएल पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के लिए उत्कृष्ट सेवाएं दे रहा है : बलबीर


जम्मू, 3 अप्रैल (हि.स.)। बलबीर राम रत्तन जो एक सेवानिवृत्त भारतीय सैनिक के पुत्र और प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता हैं ने जम्मू में जम्मू और कश्मीर पूर्व सैनिक लीग (जेकेईएसएल) के अध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल राकेश शर्मा (सेवानिवृत्त) से उनके कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण, पुनर्वास और पुनर्स्थापन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की।

लेफ्टिनेंट जनरल राकेश शर्मा (सेवानिवृत्त) ने डोगरा योद्धाओं की विरासत को सम्मानित करने के उद्देश्य से लीग की पहल के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लीग नियमित रूप से जनरल जोरावर सिंह और ब्रिगेडियर राजिंदर सिंह जैसे महान व्यक्तियों की जयंती और शहादत दिवस मनाने के लिए स्मारक कार्यक्रम आयोजित करता है। ये कार्यक्रम न केवल श्रद्धांजलि के रूप में होते हैं बल्कि उस वीर इतिहास की याद दिलाते हैं जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता है।

लेफ्टिनेंट जनरल शर्मा ने कहा हम अपने महान डोगरा योद्धाओं जैसे जनरल जोरावर सिंह और ब्रिगेडियर राजिंदर सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करने में अत्यंत गर्व महसूस करते हैं। उनकी बहादुरी और समर्पण ने साहस और नेतृत्व के मानदंड स्थापित किए हैं। लीग में हमारे प्रयास इस बात को सुनिश्चित करने के लिए हैं कि उनकी कुर्बानियाँ कभी भुलाई न जाएं। रत्तन ने जेकेईएसएल की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि लीग पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के लिए उत्कृष्ट सेवाएं दे रही है। पूर्व सैनिकों, युद्ध विधवाओं और वीर नारियों के पुनर्वास, पुनर्स्थापन और कल्याण के प्रति उनकी निष्ठा, भारतीय सशस्त्र बलों की सेवा और बलिदान की सच्ची भावना को दर्शाती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि लीग अपने सेवा कार्यों को पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के लिए निरंतर जारी रखेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story