नाहन में होली के अवसर पर नेताओं ने मिलकर मनाया रंगों का त्योहार


नाहन, 14 मार्च (हि.स.)। होली के रंगों और उमंग के बीच, नाहन में इस पर्व का उत्साह दोगुना हो गया जब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, सांसद सुरेश कश्यप और विधायक अजय सोलंकी ने जनता के बीच पहुंचकर होली मनाई।
डॉ. राजीव बिंदल ने रानी झाँसी पार्क में लोगों के साथ होली के रंगों में रंगते हुए कहा कि होली सनातन धर्म की विशेषता को दर्शाती है, जो सभी धर्मों और जातियों के लोगों को एकजुट कर प्रेम और एकता का संदेश देती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के तेजी से विकास की ओर बढ़ने की बात भी की।
वहीं सांसद सुरेश कश्यप ने भी रानी झाँसी पार्क में लोगों के साथ होली मनाई और इसे देश की एक विशिष्ट परंपरा बताया जिसमें सभी लोग मिलकर खुशियाँ मनाते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि देश विकास और उन्नति के मार्ग पर आगे बढ़ेगा।
इससे पहले नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने अपने कार्यालय परिसर में कार्यकर्ताओं के साथ होली का पर्व मनाया। उन्होंने कहा कि होली प्रेम और भाईचारे का प्रतीक है और प्रदेश में विभिन्न जिलों में इसे अलग-अलग तरीकों से मनाया जाता है, जो हर जिले की अलग पहचान को दर्शाता है। उन्होंने कामना की कि इस होली पर प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर