हिसार : चार दशक में डीएवी स्कूल ने दिए कई आईएएस,जज,वैज्ञानिक व डॉक्टर : अनिल राव


केएल आर्य डीएवी स्कूल का धूमधाम से मनाया गया वार्षिकोत्सव
हिसार, 30 मार्च (हि.स.)। यहां के केएल आर्य डीएवी पब्लिक स्कूल का वार्षिक उत्सव स्कूल प्रांगण में
हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर डीएवी कॉलेज प्रबंधन सीमिति नई दिल्ली के
उपाध्यक्ष, चेयरमैन ऑफ द स्कूल एवं पूर्व सीआईडी चीफ हरियाणा अनिल राव मुख्य अतिथि
के रुप में शामिल हुए। मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।
तत्पश्चात विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत के माध्यम से अपने हृदय के उद्गार
प्रकट किए।
इस अवसर पर अनिल कुमार राव ने बताया कि सन 1983 में स्थापित केएल आर्य डीएवी
पब्लिक स्कूल हिसार शहर के अग्रणी स्कूलों की श्रेणी में आता है।
स्कूल का इतिहास उपलब्धियां
से परिपूर्ण है, 42 वर्षों के अंतराल में स्कूल ने देश को आईएएस अधिकारी, जज, साईंसटिस्ट,
डॉक्टर व अच्छे इंसान दिए हैं जिन्होंने डीएवी व अपने माता-पिता का नाम रोशन किया है।
किसी भी स्कूल को आंकने का पैमाना उसके पुराने विद्यार्थियों की सफलता पर निर्भर करता
है और गर्व की बात है कि स्कूल के पढ़े हुए पुराने विद्यार्थी हर क्षेत्र में नाम कमा
चुके हैं। इसका श्रेय मुख्य रूप से डीएवी की प्रबंधन समिति व अध्यापक गणों को जाता
है जिन्होंने सतत् परिश्रम से इस मुकाम को हासिल किया है।
विद्यालय को और अधिक गति और प्रगति प्रदान करने के लिए विद्यालय प्रबंधन समिति
ने डॉक्टर चंद्र प्रकाश को दो महीने पहले स्कूल का प्रधानाचार्य नियुक्त किया है एवं
कुछ कार्य पिछले दो महीनों में बहुत तीव्र गति से पूरे किए हैं। उन्होंने कहा कि इस
विद्यालय का चेयरमैन होने का उन्हें गर्व है क्योंकि यह विद्यालय समाज के कल्याण के
लिए काम कर रहा है।
इस समारोह में नरेन्द्र पाल मिगलानी, स्कूल उपाध्यक्ष एवं सचिव आर्य समाज हिसार
एवं डॉ. विक्रमजीत सिंह, प्राचार्य दयानंद कॉलेज, रविन्द्र आर्य समाजसेवी, रमेश लीखा
व सत्यपाल आर्य, हिसार ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। विद्यालय के प्रधानाचार्य
डॉ. चन्द्र प्रकाश कम्बोज द्वारा सभी अतिथियों का हार्दिक अभिनंदन किया गया। समारोह
में छात्र छात्राओं की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने
विभिन्न राज्यों के नृत्यों एवं प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत की समृद्ध और सांस्कृतिक
विरासत को दर्शाया। इसके बाद शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन
करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान करके सम्मानित किया गया एवं उनके उज्जवल
भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गई। इस अवसर पर सहायक क्षेत्रीय अधिकारी सुनील बहल भी
उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. चन्द्र प्रकाश कम्बोज ने सभी अतिथियों एवं
अभिभावकों का धन्यवाद किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर