उम्रकैद सजायाफ्ता पैरोल जंपर राजू पोरवाल गिरफ्तार
नई दिल्ली, 29 मार्च (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने सामूहिक दुष्कर्म के मामले में आजीवन कारावास की सजा पाए पैरोल जंपर राजू पोरवाल उर्फ अनूप को गिरफ्तार किया है। आरोपित को वर्ष 2008 में थाना तिलक नगर के सामूहिक दुष्कर्म के मामले में आजीवन
कारावास की सजा सुनाई गई थी।
सजा मिलने के बाद सितंबर 2023 में 3 सप्ताह की आरोपित को पैरोल मिली थी। पैरोल मिलने के बाद आरोपित ने जेल प्रशासन के समक्ष आत्मसमर्पण नहीं किया। वह तब से फरार चल रहा था।
क्राइम ब्रांच के डीसीपी आदित्य गौतम ने शनिवार को बताया कि क्राइम ब्रांच ने पैरोल जंपर को पकड़ने का अभियान चलाया हुआ है। इसी क्रम में पुलिस टीम कोआरोपित राजू पोरवाल के बारे में पता चला। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपित राजू रघुवीर नगर में छुपा हुआ है। सूचना को पुख्ता कर पुलिस टीम ने छापा मारकर राजू को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपित को जेल प्रशासन को सौंप दिया है। जांच में पता चला है कि
फरारी के दौरान आरोपित ने अपने परिवार से संपर्क पूरी तरह समाप्त कर दिया था और गिरफ्तारी से बचने के लिए छोटे-मोटे काम कर रहा था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी