मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां विंध्यवासिनी के चरणों में अर्पित किया स्वर्ण सिंह

मीरजापुर, 27 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को नगर के महुवरिया स्थित बीएलजे मैदान में कार्यक्रम को संबोधित करने के बाद विंध्यधाम पहुंचे, जहां उन्होंने मां विंध्यवासिनी के चरणों में स्वर्ण सिंह अर्पित किया।
बताया गया कि एक श्रद्धालु द्वारा विंध्य विकास परिषद को दान किए गए स्वर्ण सिंह को कोषागार में सुरक्षित रखा गया था। परिषद की ओर से मुख्यमंत्री ने मां के वाहन साेने के सिंह को उनके चरणों में समर्पित किया। इस सिंह का कुल वजन 5 किलो 900 ग्राम है, जिस पर 296 ग्राम सोने की परत चढ़ाई गई है।
दर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने काॅरिडोर प्लाजा स्थित पुलिस कंट्रोल रूम एवं काॅरिडोर परिपथ का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कंट्रोल रूम में लगे सीसीटीवी कैमरों एवं चार एआई कैमरों की कार्यप्रणाली की जानकारी ली और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। इसके बाद मुख्यमंत्री अष्टभुजा डाक बंगले की ओर प्रस्थान कर गए।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा