प्रदेश में तापमान में आया उतार-चढ़ाव, उत्तर-पश्चिमी व उत्तरी राजस्थान चलेगी धूलभरी आंधियां

जयपुर, 27 मार्च (हि.स.)। प्रदेश के मौसम में परिवर्तन का दौर जारी है। प्रदेश के तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। उत्तरी हवाओं के प्रभाव से प्रदेश के दिन के पारे में गिरावट आई है तो वहीं रात के पारे उछाल आया है। धौलपुर और कोटा का दिन का पारा 40 पार दर्ज किया गया। गुरुवार को प्रदेश के अधिकांश शहरों के दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश के शहरों के दिन के पारे में 2 से 5 डिग्री तक की गिरावट आई है। जैसलमेर के पारे में सबसे ज्यादा 5 डिग्री की गिरावट आई है। जयपुर की बुधवार रात प्रदेश में सबसे गर्म रही। 40.6 डिग्री के साथ धौलपुर का दिन सबसे गर्म रहा। प्रदेश के 12 शहरों का रात का पारा 20 डिग्री के पार दर्ज किया गया। इसमें जयपुर, पिलानी, सीकर, बाड़मेर, जोधपुर, फलौदी,बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर, जालौर, लूणकरणसर और झुंझुनूं का रात का पारा 20 पार दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार सीमावर्ती क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते बीकानेर और जोधपुर संभाग में अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से सीमावर्ती जिलों में तेज आंधी के साथ बादलों की आवाजाही जारी रहेगी। इससे तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखने को मिल सकती है। इस दौरान जोधपुर और बीकानेर संभाग में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ ही बादलों की आवाजाही जारी रहेगी। हालांकि इस दौरान बारिश होने की संभावना काफी कम रहेगी। वहीं इसके बाद 27 और 28 मार्च को प्रदेशभर में उत्तरी हवाओं से न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट होने की प्रबल संभावना है। इसके बाद एक बार फिर प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि आगामी 48 घंटो में उत्तरी हवाओं के प्रभाव से न्यूनतम व अधिकतम तापमान में 3-5 डिग्री गिरावट होने की प्रबल संभावना है। आगामी एक सप्ताह मौसम मुख्यतः शुष्क रहने व आगामी 48 घंटो के दौरान उत्तर-पश्चिमी व उत्तरी राजस्थान में अपेक्षाकृत तेज सतही हवाएं 20-30 किमी प्रतिघंटा चलने की संभावना है। अप्रेल के प्रथम सप्ताह के दौरान तापमान में बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है। द्वितीय सप्ताह के दौरान अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होने तथा अधिकांश भागों में सामान्य से 2 से 3 डिग्री अधिक दर्ज होने की संभावना है। प्रथम सप्ताह के दौरान राज्य में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री कम दर्ज होने की संभावना है। द्वितीय सप्ताह के दौरान राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास दर्ज होने की संभावना है।
इस सीजन में जयपुर की रात सबसे गर्म
इस सीजन में पहली बार जयपुर की रात सबसे गर्म रही। जयपुर की रात का पारा पहली बार 25.4 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर के दिन के पारे में 2 डिग्री की गिरावट तो वहीं रात के पारे में 2.5 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 36.2 और न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री दर्ज किया गया। आगामी दिनों में जयपुर के पारे में उतार चढ़ाव देखने को मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश